नगर निगम सफाई कर्मचारियों का बड़ा ऐलान, 4 नवंबर से अनिश्चितकालीन काम बंद हड़ताल की चेतावनी

भोपाल। प्रदेशभर के नगर निगम, नगर पालिका एवं नगरीय निकायों में कार्यरत सफाई कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। मंगलवार को भोपाल में आयोजित प्रदेशव्यापी धरना-प्रदर्शन के बाद अखिल भारत सफाई मजदूर कांग्रेस ट्रेड यूनियन (7262) ने सरकार को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 3 नवंबर तक मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो 4 नवंबर से प्रदेशभर में अनिश्चितकालीन काम बंद हड़ताल शुरू की जाएगी।
भोपाल के शाहजहांनी पार्क में आयोजित प्रदर्शन में प्रदेश के 57 जिलों से सफाई कर्मचारी, महिला कर्मचारी एवं संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए। कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
**वेतन वृद्धि और नियमितीकरण प्रमुख मांग**
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में मासिक वेतन बढ़ाकर 25 हजार रुपये करना, वर्षों से कार्यरत अस्थायी कर्मचारियों को नियमित करना, ठेका प्रथा समाप्त करना तथा कर्मचारियों की सेवा संबंधी समस्याओं का निराकरण शामिल है। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से मांगों को लेकर ज्ञापन और आंदोलन किए जा रहे हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
**सरकार को सौंपा अंतिम ज्ञापन**
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मगनलाल झांझोट ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि कर्मचारी अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि अपनी मांगों पर ठोस निर्णय चाहते हैं। यदि सरकार सकारात्मक पहल नहीं करती है तो 4 नवंबर से प्रदेश के नगरीय निकायों में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।
हड़ताल की स्थिति में नगर निगमों से लेकर नगर पालिकाओं और नगर परिषदों तक सफाई, कचरा संग्रहण सहित अन्य व्यवस्थाएं प्रभावित होने की आशंका है। अब सभी की निगाहें सरकार के अगले कदम पर टिकी हैं।

