RAJGARH

बड़बेली के पास कंटेनर ने बस को पीछे से मारी टक्कर, चार यात्री घायल

राजगढ़। खिलचीपुर रोड पर बड़बेली के समीप शुक्रवार को तेज रफ्तार कंटेनर ने पवन ट्रेवल्स की बस को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बस सड़क से नीचे उतरकर खड़ी हो गई।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार बड़बेली के पास बड़े ब्रेकर पर बस चालक ने ब्रेक लगाए थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे कंटेनर ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बस में सवार चार यात्रियों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए खिलचीपुर अस्पताल ले जाया गया। राहत की बात रही कि किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई।

 

टक्कर के दौरान सब्जी-फलों के कैरेट से भरा वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना करने वाले कंटेनर को पकड़कर थाने ले गई। क्षतिग्रस्त वाहन फिलहाल मौके पर ही खड़ा है।

 

हाईवे के ब्रेकर फिर सवालों के घेरे में

 

बड़बेली के पास बने बड़े ब्रेकर को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। वाहन चालकों का कहना है कि हाईवे पर अचानक आने वाले बड़े ब्रेकर दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं। हादसे के बाद एक बार फिर हाईवे पर ब्रेकर की स्थिति और सुरक्षा मानकों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, ब्रेकर को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का हवाला दिया जा रहा है, जिसकी स्थिति और लागू नियमों की पुष्टि संबंधित विभाग से किया जाना बाकी है।

Related Articles

Back to top button