सावन की शिवरात्रि पर प्रदेश के शिव मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़

लखनऊ (SHABD) :सावन की शिवरात्रि के पावन अवसर पर आज प्रदेश के शिव मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। बागपत के ऐतिहासिक परशुरामेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। वाराणसी के श्री काशी विश्वनाथ धाम में भी बाबा के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं और कांवड़ियों का सैलाब उमड़ रहा है। भोर में मंगला आरती के बाद से ही बाबा विश्वनाथ के पावन ज्योतिर्लिंग के जलाभिषेक और दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं।
जलाभिषेक के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं में बड़ी तादाद में प्रयागराज से आए कांवड़िए शामिल हैं। हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर समेत अन्य शिव मंदिरों में भी श्रद्धालु जलाभिषेक कर मंगल कामना कर रहे हैं। जनपद हापुड़ में सावन मास की महाशिव रात्रि पर मंदिरों में सुबह से ही भगवान आशुतोष को जलाभिषेक करने के लिए कावड़ियों और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी, जससे वातावरण शिवमय बना रहा। जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर के मुक्तेश्वर महादेव, कल्याणपुर के कल्याणेश्वर महादेव, प्राचीन शिव मंदिर सबली, सरावा के झाड़खंडी महादेव के अलावा जनपद के सभी शिवालयों में श्रद्धालुओं चने गंगा जल, बेलपत्र, आख, धतूरा चंदन आदि से भगवान आशुतोष का अभिषेक किया। मन्दिरों में सुरक्षा व्यवस्था के पुलिस प्रशासन द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए।




