बिहार की पर्यटन परियोजनाओं को मिलेगी गति, केंद्रीय मंत्री से मिले केदार प्रसाद गुप्ता

पटना (SHABD) : बिहार के पर्यटन मंत्री श्री केदार प्रसाद गुप्ता ने राज्य के प्रमुख तीर्थ एवं पर्यटन स्थलों के समग्र विकास से संबंधित केंद्रीय परियोजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन की मांग की है। इसी सिलसिले में उन्होंने केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात कर बिहार सरकार की ओर से भेजे गए प्रस्तावों पर शीघ्र विचार और आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया।
मुलाकात के दौरान पर्यटन मंत्री ने केंद्रीय बजट घोषणा 2024-25 के अनुपालन में बिहार सरकार द्वारा तैयार की गई गयाजी-बोधगया तथा नालंदा-राजगीर की व्यापक गंतव्य रणनीति और विकास योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य संबंधित क्षेत्रों की पर्यटन क्षमता को विकसित करना, पर्यटकों के लिए सुविधाओं का विस्तार करना तथा धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण करते हुए समेकित एवं सतत पर्यटन विकास सुनिश्चित करना है।
बिहार सरकार ने गयाजी-बोधगया के समग्र विकास के लिए 1,080 करोड़ रुपये तथा नालंदा-राजगीर के लिए 1,050 करोड़ रुपये की विकास योजना तैयार की है। इन योजनाओं के साथ विस्तृत आधारभूत विश्लेषण प्रतिवेदन भी केंद्र सरकार को उपलब्ध कराया गया है।
गया-बोधगया प्रस्ताव के तहत हेरिटेज हाट, बोधगया और इंटरनेशनल फूड कोर्ट से संबंधित योजनाएं भी प्रस्तावित हैं। वहीं, स्वदेश दर्शन योजना के तहत बेगूसराय जिले के सिमरिया घाट के विकास के लिए 1,216.02 लाख रुपये का परियोजना प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जा चुका है, जिसकी स्वीकृति अपेक्षित है।
पर्यटन मंत्री ने केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय से इन प्रस्तावों पर शीघ्र सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया, ताकि विकास कार्यों को बिना विलंब आगे बढ़ाया जा सके और परियोजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित हो।
उन्होंने कहा कि गयाजी, बोधगया, नालंदा और राजगीर जैसे स्थलों का योजनाबद्ध विकास बिहार की समृद्ध धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के लिए सुविधाओं का विस्तार होने के साथ राज्य में पर्यटन आधारित आर्थिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा।




