यूपीः बुलंदशहर में पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश ढेर, दो पुलिसकर्मी घायल

लखनऊ (SHABD): बुलंदशहर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश मारा गया। मुठभेड़ में दरोगा संदीप कुमार और कांस्टेबल नरेंद्र कुमार घायल हुए हैं। वहीं, गुलावठी और सिकंदराबाद के थाना प्रभारियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी, जिससे दोनों बाल-बाल बच गए। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह के मुताबिक पुलिस ककोड़ थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के मामले में आरोपियों की तलाश कर रही थी।
इसी दौरान गुलावठी क्षेत्र के छपरावत गांव के पास बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने पर उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हुआ, जिसकी अस्पताल में मौत हो गई। उसकी पहचान मोनू निवासी फतेहपुर जादौन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मोनू पर कई गंभीर मुकदमे दर्ज थे। मौके से पिस्तौल, कारतूस और बाइक बरामद हुई है। पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है।




