लापरवाही पर सख्त कार्रवाई बंद मिलीं 7 ग्राम पंचायतें, सचिवों के निलंबन एवं ग्राम रोजगार सहायकों को जनपद पंचायत में अटैच करने के निर्देश गलत रिपोर्टिंग पर उपयंत्री को कारण बताओ नोटिस, मनरेगा में शून्य श्रमिक नियोजन पर अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारियों के विरुद्ध भी कार्रवाई के निर्देश

राजगढ़
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले के निर्देशानुसार जिले की सभी ग्राम पंचायतों में मंगलवार को जनसुनवाई आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण करने तथा अन्य शासकीय कार्यों के सुचारु संचालन के निर्देश दिए गए थे, ताकि ग्रामीणों को अनावश्यक रूप से जनपद एवं जिला स्तर पर आने की आवश्यकता न पड़े। निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा एवं निरीक्षण के दौरान कई ग्राम पंचायतें बंद पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत राजगढ़ की ग्राम पंचायत चाटूखेड़ा बंद पाई गई। इस पर ग्राम पंचायत सचिव श्री ईश्वर सिंह चौहान के निलंबन तथा ग्राम रोजगार सहायक श्री मनीष सोनी को जनपद पंचायत में अटैच किए जाने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार जनपद पंचायत ब्यावरा की ग्राम पंचायत खुरी एवं मोतीपुरा तथा जनपद पंचायत खिलचीपुर की ग्राम पंचायत लिंबोदा, सेमलीकलां, धामन्याजोगी एवं बड़बेली बंद पाए जाने पर संबंधित ग्राम पंचायत सचिवों के निलंबन तथा ग्राम रोजगार सहायकों को जनपद पंचायत में अटैच किए जाने संबंधी प्रस्ताव तत्काल भेजने के निर्देश संबंधित मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को दिए गए।
निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायतों के खुले होने संबंधी गलत प्रतिवेदन प्रस्तुत किए जाने को गंभीर लापरवाही मानते हुए सेक्टर प्रभारी श्री आनंद डेहरिया, उपयंत्री को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अतिरिक्त महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत श्रमिक नियोजन की समीक्षा में जनपद पंचायत ब्यावरा की 38 ग्राम पंचायतों, खिलचीपुर की 34 ग्राम पंचायतों तथा जीरापुर की 21 ग्राम पंचायतों में श्रमिक नियोजन शून्य पाया गया। इस पर जनपद पंचायत ब्यावरा के अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी श्री भानु सिंह खींची तथा जनपद पंचायत खिलचीपुर एवं जीरापुर के अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी श्री सतेंद्र सिंह यादव को एक-एक दिवस के वेतन कटौती संबंधी कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. गढ़पाले ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासकीय कार्यों में लापरवाही, गलत प्रतिवेदन एवं योजनाओं के क्रियान्वयन में उदासीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण जवाबदेही एवं गंभीरता के साथ सुनिश्चित करें।




