Breaking News

महाविद्यालय राजगढ़ में कारगिल विजय दिवस का भव्य आयोजन

 

राजगढ़

भारत के गौरवशाली इतिहास में 26 जुलाई का दिन स्वर्णिम अक्षरों में अंकित है। वर्ष 1999 में भारतीय सेना के वीर जवानों ने अदम्य साहस, पराक्रम एवं सर्वोच्च बलिदान का परिचय देते हुए कारगिल युद्ध में विजय प्राप्त कर राष्ट्र की अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा की थी। कारगिल विजय दिवस राष्ट्रभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा, वीरता एवं बलिदान का प्रतीक है तथा नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति जागरूकता और भारतीय सेना के अद्वितीय शौर्य के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने की प्रेरणा देता है। मध्य प्रदेश शासन, उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजगढ़ में कारगिल विजय दिवस का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों सेवानिवृत्त इंडियन एयर फोर्स अधिकारी श्री नवीन गुप्ता, सेवानिवृत्त सैनिक श्री रामबाबू दांगी, सेवानिवृत्त सैनिक श्री नरेन्द्र सिंह तंवर तथा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वी.बी. खरे द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। सरस्वती वंदना के उपरांत प्राचार्य डॉ. खरे ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कारगिल विजय दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला।

 

मुख्य अतिथि श्री गुप्ता ने कारगिल युद्ध के दौरान के अपने अनुभव साझा करते हुए भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा की भावना पर विस्तार से प्रकाश डाला। श्री दांगी एवं श्री तंवर ने सैनिक जीवन की कठिन दिनचर्या, अनुशासन और कठोर परिश्रम का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को भी अनुशासित जीवन एवं सतत परिश्रम के माध्यम से अपने लक्ष्यों की प्राप्ति का संदेश दिया। इस अवसर पर कारगिल विजय दिवस पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया तथा उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को “एकता में अनेकता” की शपथ दिलाई गई। साथ ही साथ महाविद्यालय में देशभक्ति कॉर्नर का भी निर्माण किया गया।

 

कार्यक्रम के अंतर्गत रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। रंगोली प्रतियोगिता में कु. उर्मिला बैरागी (एम.एससी. चतुर्थ सेमेस्टर) ने प्रथम, कु. ज्योति ने द्वितीय तथा कु. दिशा दांगी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में पवन तंवर (बी.एससी. प्रथम वर्ष) ने प्रथम एवं शिवराज सिंह भील ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में श्री प्रकाश अहिरवार ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Related Articles

Back to top button