भर्ती परीक्षाओं के मुद्दे पर भाजपा कल जिला मुख्यालयों में करेगी राहुल गांधी का पुतला दहन

रांची (SHABD): झारखंड में जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल और उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया है। भाजपा 24 जुलाई को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन करेगी। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस पर दोहरे रवैये का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी देशभर में परीक्षा पारदर्शिता की बात करती है, लेकिन झारखंड में भर्ती परीक्षाओं को लेकर उठ रहे सवालों पर चुप है। बालमुकुंद सहाय ने कहा कि झारखंड के लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि जेपीएससी सहित अन्य भर्ती परीक्षाओं की जांच कर पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। भाजपा ने कहा कि पुतला दहन कार्यक्रम के जरिए वह युवाओं के मुद्दे को लेकर कांग्रेस के खिलाफ लोकतांत्रिक विरोध दर्ज कराएगी।




