बिहार-झारखण्‍ड

केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने जगन्नाथ रथ मेला तैयारियों का किया निरीक्षण

रांची (SHABD) : केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने धुर्वा स्थित ऐतिहासिक जगन्नाथ मंदिर परिसर पहुंचकर आगामी रथ मेला की तैयारियों एवं मेले की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ रांची की महापौर रोशनी खलखो एवं श्री जगन्नाथपुर मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष एन.एन.पांडेय भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान श्री सेठ ने मंदिर ट्रस्ट एवं मेला समिति के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, यातायात प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि रथ मेला झारखंड की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक विरासत का महत्वपूर्ण उत्सव है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसे में सभी संबंधित विभागों एवं समिति के बीच बेहतर समन्वय के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना आवश्यक है। श्री सेठ ने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरी की जानी चाहिए। उन्होंने मेला समिति एवं ट्रस्ट के सदस्यों से सुझाव भी प्राप्त किए और बेहतर व्यवस्थाओं के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर कमल ठाकुर, मंडल अध्यक्ष उमेश यादव, उमेश तिवारी, पार्षद सुचिता रानी, अवधेश ठाकुर, नीलम चौधरी, रामजी प्रसाद सहित मंदिर ट्रस्ट एवं मेला समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button