बिहार-झारखण्‍ड

65वां सुब्रतो मुखर्जी कप का समापन, विजेता टीमों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बनाई जगह

रांची(SHABD): झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से आयोजित 65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता का मंगलवार को रांची में भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले पाँचवें दिन खेलगांव स्थित प्रैक्टिस मैदान एवं बीआईटी मेसरा मैदान में खेले गए। समापन समारोह के मुख्य अतिथि राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि झारखंड के खिलाड़ियों में अपार प्रतिभा है और अनुशासन, समर्पण तथा निरंतर मेहनत के बल पर वे राष्ट्रीय स्तर पर भी राज्य का नाम रोशन कर सकते हैं। प्रतियोगिता के अंडर-15 बालक वर्ग के फाइनल में संथाल परगना ने कोल्हान प्रमंडल को 6-1 से हराकर खिताब जीता। वहीं अंडर-17 बालिका वर्ग में दक्षिणी छोटानागपुर ने उत्तरी छोटानागपुर को 2-1 से और अंडर-17 बालक वर्ग में दक्षिणी छोटानागपुर ने कोल्हान प्रमंडल को 4-0 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। समारोह में विभिन्न वर्गों के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को प्लेयर ऑफ द मैच, बेस्ट गोलकीपर और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के पुरस्कार भी प्रदान किए गए। अब तीनों वर्गों की विजेता टीमें 65वीं राष्ट्रीय सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।

Related Articles

Back to top button