बिहार-झारखण्‍ड

नवादा को मिली 182.46 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात

नवादा (SHABD): बिहार के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य को 34 हजार करोड़ रुपये की 227 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इन परियोजनाओं में नवादा जिले की 182.46 करोड़ रुपये की विद्युत एवं शिक्षा से जुड़ी योजनाएं भी शामिल हैं।

इस संबंध में जिलाधिकारी रवि प्रकाश ने बताया कि रजौली प्रखंड के फुलवरिया जलाशय में स्थापित बिहार के सबसे बड़े 10 मेगावाट क्षमता वाले फ्लोटिंग सोलर प्लांट का उद्घाटन किया गया। इस सोलर प्लांट से प्रतिवर्ष लगभग 1.66 करोड़ यूनिट बिजली का उत्पादन होने का अनुमान है। इससे जिले में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलने के साथ बिजली आपूर्ति को भी मजबूती मिलेगी।

इसके अलावा जिले में विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पांच नए विद्युत शक्ति उपकेंद्रों की स्थापना, 12 फीडरों के सेग्रीगेशन और 19 फीडरों के बाइफरकेशन से जुड़ी परियोजनाओं की भी शुरुआत की गई।

वहीं, शिक्षा के क्षेत्र में भी जिले को बड़ी सौगात मिली है। मोरमा, नजरडीह और समरीगढ़ में नवनिर्मित उच्च माध्यमिक विद्यालय भवनों का उद्घाटन किया गया। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

कुल मिलाकर, इन विकास परियोजनाओं से नवादा जिले में बिजली, शिक्षा और आधारभूत संरचना को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button