बिहार-झारखण्‍ड

पटना : स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन सेल की नई वेबसाइट लॉन्च

पटना (SHABD) : बिहार सरकार के योजना एवं विकास विभाग के अंतर्गत कार्यरत स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन सेल (एसटीसी) की नई वेबसाइट का शुक्रवार को शुभारंभ किया गया। वेबसाइट का उद्घाटन विभाग की अपर मुख्य सचिव डॉ. एन. विजयलक्ष्मी ने किया। इस पहल का उद्देश्य राज्य की परिवर्तनकारी विकास योजनाओं, नवाचारों एवं नीति संबंधी जानकारियों को एक डिजिटल मंच पर उपलब्ध कराना है।

स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन सेल, बिहार सरकार की एक विशेष इकाई है, जो स्टेट सपोर्ट मिशन (एसएसएम) एवं नीति आयोग के सहयोग से राज्य में नवाचार, संस्थागत सुधार, डेटा आधारित नीति निर्माण तथा परिणामोन्मुखी प्रशासन को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य कर रही है।

नई वेबसाइट पर एसटीसी की विभिन्न परियोजनाओं, विकास संबंधी पहलों, नीति दस्तावेजों, शोध अध्ययनों, नवाचारों, सर्वोत्तम कार्य-पद्धतियों (बेस्ट प्रैक्टिसेज), प्रकाशनों तथा राज्य के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण संसाधनों की जानकारी उपलब्ध होगी। इससे सरकारी विभागों, नीति-निर्माताओं, शोधकर्ताओं, शिक्षण संस्थानों, विकास सहयोगी संस्थाओं एवं आम नागरिकों को एक ही मंच पर अद्यतन एवं प्रमाणिक जानकारी प्राप्त हो सकेगी।

अधिकारियों के अनुसार, यह पोर्टल बिहार में संचालित परिवर्तनकारी सुधारों, नवाचार आधारित प्रशासनिक पहलों तथा विकसित बिहार के लक्ष्य की दिशा में किए जा रहे कार्यों को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने का प्रभावी माध्यम बनेगा। साथ ही विभिन्न विभागों एवं हितधारकों के बीच ज्ञान के आदान-प्रदान, समन्वय और जनभागीदारी को भी बढ़ावा मिलेगा।

वेबसाइट को उपयोगकर्ता-अनुकूल (यूज़र फ्रेंडली) डिज़ाइन के साथ विकसित किया गया है, जिसमें सरल नेविगेशन एवं नियमित रूप से अद्यतन की जाने वाली सामग्री उपलब्ध रहेगी। अधिकारियों का मानना है कि यह पोर्टल डिजिटल गवर्नेंस को सशक्त बनाने और बिहार के विकास मॉडल को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Related Articles

Back to top button