बिहार-झारखण्‍ड

बिहार में 12 ग्रीनफील्ड टाउनशिप के लिए HUDCO से ₹1 लाख करोड़ का एमओयू

पटना (SHABD) :बिहार में सुनियोजित शहरी विकास को गति देने के उद्देश्य से नगर विकास एवं आवास विभाग तथा HUDCO (Housing and Urban Development Corporation Ltd.) के बीच गुरुवार को ₹1,00,000 करोड़ के दीर्घकालिक वित्तपोषण हेतु महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में लोक सेवक भवन स्थित ‘संकल्प सभागार’ में समझौते का आदान-प्रदान संपन्न हुआ।

इस समझौते के तहत राज्य में 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित किए जाएंगे, जो आधुनिक आधारभूत संरचना, उन्नत आवासीय सुविधाओं तथा रोजगार सृजन के नए अवसरों से युक्त होंगे। इन टाउनशिप में विश्वस्तरीय शहरी सुविधाओं के तहत सड़क नेटवर्क, पेयजल आपूर्ति, सीवरेज व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, हरित क्षेत्र, शिक्षा, स्वास्थ्य, वाणिज्यिक एवं सामाजिक अधोसंरचना का समग्र विकास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने इस समझौते को बिहार के शहरी विकास के इतिहास में मील का पत्थर बताते हुए कहा कि यह पहल राज्य के भविष्य के शहरीकरण की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर की गई है। उन्होंने बताया कि लगभग तीन लाख एकड़ से अधिक क्षेत्र में टाउनशिप विकसित किए जाएंगे तथा इसमें लैंड पूलिंग मॉडल के माध्यम से किसानों को भी सहभागी बनाया जाएगा। भूमि मुआवजा के लिए प्राप्त आवेदनों का निपटारा 30 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना के माध्यम से राज्य में बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित होगा तथा निर्माण क्षेत्र को गति मिलेगी। इससे प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से लाखों रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उत्पन्न होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार सरकार का लक्ष्य योजनाबद्ध एवं समावेशी शहरीकरण के माध्यम से राज्य में शहरी आबादी का अनुपात 35 प्रतिशत तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि HUDCO के सहयोग से किए जा रहे इस निवेश से राज्य में शहरी ढांचे का व्यापक विस्तार होगा तथा बिहार को आधुनिक शहरी विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने में सहायता मिलेगी। मुख्यमंत्री ने HUDCO के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह समझौता बिहारवासियों के विकास के सपनों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम के दौरान नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार तथा HUDCO के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजेन्द्र प्रसाद यादव, नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button