प्रदेश में भीषण गर्मी और लू से बुरा हाल: स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश

लखनऊ (SHABD) :प्रदेश में भीषण गर्मी और लू के चलते जन जीवन प्रभावित हो रहा है। आज 48 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ बांदा प्रदेश भर में सबसे गर्म जनपद रहा, जबकि हमीरपुर और प्रयागराज में पारा 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। मौसम विभाग ने आगामी 2 दिनों के लिए लू चलने को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। इसी क्रम में प्रदेश का स्वास्थ विभाग अलर्ट मोड में आ गया है।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रदेश के सभी मंडलीय, जिला, संयुक्त, शहरी और ग्रामीण चिकित्सा संस्थानों में गर्मी से पीड़ितों को समुचित इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अस्पतालों में अतिरिक्त बेड, जीवनरक्षक दवाओं और आवश्यक औषधियों का पर्याप्त भंडार रखने के निर्देश दिए हैं। तेज़ गर्मी से वन्य जीवों को बचाने के लिए भी खास इंतज़ाम किएजा रहे हैं। इटावा सफारी पार्क के उप निदेशक विनय सिंह ने बताया कि सफारी में शेरों के लिए एसी और खस की चटाई का प्रबंध किया गया है।
सफारी पार्क में जो भी वन्यजीव हैं, उनको गर्मी और लू से बचाने के लिए एक विशेष इंतजाम किए जाते हैं, जिनके अंतर्गत जो हमारे हाउस हैं, उनमें खस की चटाई लगाना, इसके साथ कूलर को लगाते हैं ताकि कमरे का टेंपरेचर मेंटेन रह सके। जो भी ब्रीडिंग वाली शेरनी है, उसके नवजात बच्चे रहते हैं, शावक रहते हैं साथ में उनको एसी के माध्यम से उनके कमरे का तापमान मेंटेन किया जाता है।
गर्मी और लू से बचाव के लिए विभिन्न जनपदों में स्कूलों के समय में भी बदलाव किया गया है। फतेहपुर में ज़िलाधिकारी ने कक्षा 1 से8 तक के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं। वहीं मिर्जापुर में भी 15 जून तक स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है। कानपुर में जिलाधिकारी ने कक्षा 8 तक के सभी विद्यालयों को 31 मई तक बंद रखने का आदेश दिया है।




