अन्नदाताओं के बीच पहुँचे राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार खरीदी केंद्र का किया औचक निरीक्षण व्यवस्थाओं का लिया जायजा

प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग श्री नारायण सिंह पंवार ने भीषण गर्मी के बीच शुक्रवार को ब्यावरा विकासखंड के ग्राम आगर स्थित गेहूं खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपार्जन प्रक्रिया से जुड़े सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि अन्नदाताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने खरीदी केंद्र पर उपस्थित किसानों से आत्मीय संवाद किया और उनकी समस्याओं व सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने स्लॉट बुकिंग, गेहूं उपार्जन की प्रक्रिया तथा ओटीपी आधारित भुगतान प्रणाली की जानकारी ली।किसानों से सीधे संवाद करते हुए उन्होंने पूछा “किसी प्रकार की समस्या तो नहीं आ रही?” इस पर किसानों ने अपनी बात खुलकर रखी। साथ ही उन्होंने किसानों को महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि गेहूं उपार्जन की अवधि को 9 मई, 2026 से बढ़ाकर अब 23 मई, 2026 तक कर दिया गया है, जिससे अधिक से अधिक किसानों को लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है। निरीक्षण के दौरान खरीदी केंद्र पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं जैसे पर्याप्त बैठक व्यवस्था, पेयजल और छाया का भी जायजा लिया।साथ ही उन्होंने अपने समक्ष गेहूं की तौल कराकर पारदर्शिता की पुष्टि की। प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्था आगर द्वारा की जा रही खरीदी, परिवहन व्यवस्था और भुगतान की स्थिति की भी विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि किसानों को समय पर स्लॉट बुकिंग, सुचारू तौल और पारदर्शी व्यवस्था के साथ समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित हो।साथ ही भीषण गर्मी को देखते हुए सभी खरीदी केंद्रों पर छाया और शीतल पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था अनिवार्य रूप से उपलब्ध होनी चाहिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


