जल गंगा संवर्धन अभियान स्टॉप डैम में जल संरक्षण, घाट समतलीकरण व सफाई से बढ़ी गंगा स्नान की व्यवस्था

कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देशन में जिले में चल रहे जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत नगर परिषद खिलचीपुर द्वारा गाड़ गंगा नदी पर स्थित स्टॉप डैम में पानी का सफलतापूर्वक संचयन किया गया। इसके साथ ही नदी घाटों का समतलीकरण एवं व्यापक स्तर पर सफाई कार्य भी किया गया, जिससे क्षेत्र में स्वच्छता और सुव्यवस्थित स्नान की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित हो सकी।
साथ ही नगर परिषद द्वारा किए गए इन प्रयासों का सकारात्मक परिणाम चैत्र पूर्णिमा के अवसर पर देखने को मिला, जब खिलचीपुर नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गाड़ गंगा नदी पर पहुंचे और आस्था के साथ गंगा स्नान किया। साफ-सुथरे घाट एवं पर्याप्त जल उपलब्धता के कारण श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
इसी के साथ स्थानीय नागरिकों ने नगर परिषद के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के अभियान न केवल जल संरक्षण को बढ़ावा देते हैं, बल्कि धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों को भी सुगम बनाते हैं। नगर परिषद द्वारा आगे भी जल संरक्षण एवं स्वच्छता से जुड़े कार्यों को निरंतर जारी रखने की बात कही गई है, ताकि क्षेत्र में जल संसाधनों का संरक्षण हो और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलती रहें।


