Breaking News

आखिर कब लहराएगा हमारा राष्ट्रीय ध्वज?  ,झंडा लगाना भूल बैठे जिम्मेदार, प्रशासनिक लापरवाही पर उठे सवाल

 

राजगढ़ जिला मुख्यालय स्थित खिलचीपुर नाका शिवाजी चौराहा पर वर्षों से लहराता राष्ट्रीय ध्वज नगरवासियों के लिए गौरव और सम्मान का प्रतीक रहा है। लेकिन बीते करीब दो माह से यह ध्वज अपने निर्धारित स्थान पर नजर नहीं आ रहा, जिससे नागरिकों में आक्रोश और जनचर्चा का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, कुछ माह पूर्व राष्ट्रीय ध्वज फटने की स्थिति में था, जिसके बाद उसे उतार लिया गया था। लेकिन आश्चर्य की बात यह है कि आज तक वहां नया ध्वज नहीं लगाया गया। ऐसे में लोगों का सवाल है कि आखिर जिम्मेदार अधिकारी कब जागेंगे और राष्ट्र गौरव का प्रतीक तिरंगा पुनः अपने स्थान पर कब लहराएगा?

यह वही प्रमुख मार्ग है जहां से प्रतिदिन मंत्री, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं जिले के जिम्मेदार अधिकारियों का आवागमन होता है। कलेक्ट्रेट से लेकर विभिन्न निरीक्षणों के लिए निकलने वाले अधिकारी भी इसी मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन किसी की नजर इस ओर नहीं पड़ रही या फिर जानबूझकर अनदेखी की जा रही है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी राष्ट्रीय ध्वज कई दिनों तक फटी अवस्था में लहराता रहा था। उस समय भी किसी जिम्मेदार ने ध्यान नहीं दिया था। बाद में मीडिया द्वारा प्रमुखता से खबर प्रकाशित किए जाने के बाद प्रशासन हरकत में आया और अगले दिन ध्वज उतारा गया।

अब एक बार फिर वही स्थिति निर्मित हो गई है। सवाल यह उठता है कि क्या राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान की जिम्मेदारी केवल जागरूक मीडिया की ही है? क्या प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारियों की कोई जवाबदेही नहीं बनती?

राष्ट्रीय ध्वज देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ऐसे में उसका लंबे समय तक अनुपस्थित रहना कहीं न कहीं प्रशासनिक उदासीनता और लापरवाही को दर्शाता है।

अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस खबर के बाद कब जागते हैं और शिवाजी चौराहा पर पुनः राष्ट्रीय ध्वज कब सम्मानपूर्वक लहराता दिखाई देगा।

Related Articles

Back to top button