RAJGARH

राजगढ़ नगर पालिका की शर्मनाक लापरवाही! ट्रेचिंग ग्राउंड में खुले में फेंकी गई मृत गायें, कुत्ते नोचते रहे

जिला मुख्यालय में नगर पालिका राजगढ़ की घोर संवेदनहीनता एक बार फिर सामने आई है।  ट्रेचिंग   ग्राउंड पाटन रोड जैसे व्यस्त और प्रमुख क्षेत्र में मृत गायों को खुले में फेंक दिया गया, जहां आवारा कुत्ते उन्हें नोचते रहे, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदे बैठे रहे।

सूचना मिलने पर जिला अध्यक्ष प्रियव्रत सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे। वहां का भयावह दृश्य देखकर उन्होंने प्रशासन पर तीखा हमला बोला और कहा कि यह केवल लापरवाही नहीं बल्कि प्रशासनिक विफलता और नैतिक पतन का जीता-जागता उदाहरण है।

जिला अध्यक्ष ने मौके से ही नगर पालिका राजगढ़ के CMO को सूचना देकर कड़ी फटकार लगाई और सवाल उठाया कि शहर के बीचोंबीच गौ माता की इस दुर्दशा का जिम्मेदार आखिर कौन है? यह घटना न केवल हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं को आहत करती है बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गंभीर स्वास्थ्य संकट भी पैदा कर रही है।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि जनप्रतिनिधि मौके पर नहीं पहुंचते तो नगर पालिका की यह लापरवाही यूं ही चलती रहती। नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने मृत पशुओं के तत्काल निस्तारण और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के निर्देश दिए।

जिला अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि आगे इस तरह की शर्मनाक घटनाएं सामने आईं तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग के साथ जनआंदोलन छेड़ा जाएगा।

यह घटना नगर पालिका की कार्यशैली पर बड़ा प्रश्नचिन्ह लगाती है और यह सोचने को मजबूर करती है कि क्या राजगढ़ में गौ रक्षा और स्वच्छता केवल कागजी दावों तक सीमित रह गई है?

Related Articles

Back to top button