RAJGARH

दलित किसान की जमीन पर दबंगों का कब्जा, न्याय की आस में कलेक्टर कार्यालय पर डटा परिवार

 

राजगढ़। जिले के खुजनेर तहसील अंतर्गत ग्राम घोड़ाखेड़ा में एक दलित किसान की पट्टे की भूमि पर कथित अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने गांव के दबंगों पर जमीन हड़पने, मारपीट और धमकाने के आरोप लगाए हैं। न्याय नहीं मिलने से परेशान परिवार सोमवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचा और वहीं डेरा डाल दिया।

 

पीड़ित किसान रामलाल वर्मा ने बताया कि शासन द्वारा उन्हें जीवन यापन के लिए पट्टे की भूमि आवंटित की गई थी। आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने जालसाजी कर जमीन पर कब्जा कर लिया। विरोध करने पर परिवार के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई।

 

रामलाल का कहना है कि वह पिछले पांच-छह वर्षों से प्रशासन और अधिकारियों के चक्कर काट रहा है। मामले में पूर्व में कोर्ट के आदेश पर सीमांकन कर प्रशासनिक टीम की मौजूदगी में कब्जा भी दिलाया गया था, लेकिन कुछ समय बाद दबंगों ने दोबारा जमीन पर कब्जा कर लिया।

 

पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद प्रशासन प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है। अब परिवार ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर न्याय मिलने तक वहीं डटे रहने की बात कही है।

 

मामले को लेकर प्रशासन का कहना है कि शिकायत की जांच की जा रही है और वास्तविक स्थिति सामने आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

हालांकि पूरे मामले ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि न्यायालय के आदेश के बाद कब्जा दिलाया जा चुका था, तो दोबारा कब्जा कैसे हुआ और अब तक स्थायी कार्रवाई क्यों नहीं हो सकी, यह बड़ा सवाल बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button