कलेक्टर डॉ. मिश्रा के प्रयासों से जिला अस्पताल में शुद्ध पेयजल की सुदृढ़ व्यवस्था

जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के सतत एवं प्रभावी प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। जिला अस्पताल में अब मरीजों एवं उनके परिजनों को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल की सुलभ व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी। कलेक्टर डॉ. मिश्रा के मार्गदर्शन में जिला अस्पताल परिसर में आधुनिक आरओ प्लांट की स्थापना की गई है। इस प्लांट के माध्यम से अस्पताल भवन में स्थापित 15 वाटर कूलरों को जोड़ा गया है, जिससे पूरे परिसर में शुद्ध पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।
इस पहल से जिला अस्पताल में उपचार हेतु आने वाले मरीजों एवं उनके साथ आने वाले परिजनों को अब स्वच्छ, सुरक्षित और ठंडा पेयजल सहजता से उपलब्ध होगा। इससे न केवल मरीजों की सुविधा में वृद्धि होगी, बल्कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
इसी उद्देश्य के तहत अस्पताल में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है, ताकि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। जिला प्रशासन द्वारा की गई इस सराहनीय पहल की आमजन द्वारा भी सराहना की जा रही है, जिससे जनसेवा के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से परिलक्षित होती है।



