वन राज्य मंत्री ने अखिल भारतीय शूटिंगबाल प्रतियोगिता उद्घाटन समारोह में की शिरकत
सरकार खेल सुविधाओं के विस्तार एवं खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए प्रतिबद्ध- वन राज्यमंत्री

जयपुर, 24 अप्रैल। वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संजय शर्मा ने शुक्रवार मुंशी बाग क्लब, अलवर में आयोजित अखिल भारतीय शूटिंगबाल प्रतियोगिता उद्घाटन कार्यक्रम में शिरकत कर खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की।
वन राज्यमंत्री श्री संजय शर्मा ने अलवर शहर के ऐतिहासिक मुंशी बाग क्लब में देशभर से पधारे शूटिंग बॉल खिलाड़ियों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि मुंशी बाग क्लब की खेलों यथा शूटिंग बॉल, पेट्टेबाजी आदि को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि खेलों को खेल की भावना से खेला जाना चाहिए, खेल वैमनस्यता की भावना को दूर करते हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय वन मंत्री एवं अलवर सांसद श्री भूपेंद्र यादव ने अलवर सांसद खेल उत्सव के माध्यम से ग्रामीण व शहरी प्रतिभाओं को निखारने का काम किया है और उत्कृष्ट खिलाड़ियों को क्षमतावर्धन के लिए समर कैंप के माध्यम से बेहतरीन प्रशिक्षकों से प्रशिक्षण दिलवाया है। उन्होंने कहा कि आगामी अलवर सांसद खेल उत्सव में शूटिंग बॉल प्रतियोगिता को सम्मिलित करवाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्षा जल के संरक्षण के लिए शहर के चारों तरफ पांच एनीकट/बांध का निर्माण किया जा रहा है, जिससे शहर के भूजल स्तर में वृद्धि होगी और लाल डिग्गी तक पानी लाने के लिए भाखेड़ा व भूरासिद्ध एनीकट से पानी के आवक की व्यवस्था की जाएगी, ताकि तैराकी के खिलाड़ियों को तैराकी की अच्छी सुविधा मिल सके।




