वरिष्ठ मातृशक्ति सम्मान कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने किया महिलाओं को सम्मानित

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मातृशक्ति को शुभकामनाएं दी। देहरादून में आयोजित वरिष्ठ मातृशक्ति सम्मान कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा हमारी मातृशक्ति केवल परिवार ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन, महिला उद्यमिता को बढ़ावा, लखपति दीदी जैसी योजनाओं का विस्तार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क धार्मिक यात्राओं की सुविधा दे रही है। उन्होंने कहा सरकार का संकल्प है कि उत्तराखंड की हर वृद्ध माता को सम्मान, सुरक्षा और आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने का पूरा अवसर मिल सके।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षा, समाज सेवा, उद्यमिता, पर्यावरण संरक्षण, कृषि, संस्कृति, जल संरक्षण जैसे विभिन्न क्षेत्रों में सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाली 38 वरिष्ठ महिलाओं को सम्मानित किया।




