उत्तराखंड: आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सेवानिवृत्ति पर मिलेंगे एक लाख रूपए

देहरादून:सचिवालय में आयोजित बैठक में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। अब नए वित्तीय वर्ष से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को रिटायरमेंट पर न्यूनतम एक लाख रूपए की सहायता राशि मिलेगी। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के सुपरवाइजर पद पर रिक्त 88 पदों पर प्रमोशन के लिए विज्ञप्ति एक सप्ताह के भीतर जारी कर दी जाएगी।
रेखा आर्या ने बताया कि एकल महिला स्वरोजगार योजना के तहत अभी तक छह जिलों के कुल 504 प्रस्तावों को स्वीकृति दी जा चुकी है। अन्य जिलों के आवेदनों पर अभी प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि स्वीकृत आवेदकों को धनराशि जारी करने के लिए जनवरी प्रथम सप्ताह में कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा इस साल नंदा गौरा योजना के लिए आए आवेदनों की भी बैठक में समीक्षा की गई। इस वर्ष इस योजना के तहत अभी तक 45000 से ज्यादा आवेदन आ चुके हैं, जो कि अब तक की सर्वाधिक संख्या है। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि आवेदन की तारीख 20 दिसंबर तक है इसलिए अभी आवेदन की संख्या और बढ़ सकती है। उन्होंने 15 जनवरी के आसपास पात्र अभ्यर्थियों को पैसा जारी करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
प्रदेश के दूरस्थ इलाकों की वृद्ध महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और भावनात्मक संबल देने के लिए एक योजना अगले साल लॉन्च की जानी है। जिसकी कार्ययोजना बनाने के भी निर्देश दिए गए हैं।




