बिहार-झारखण्‍ड

मुख्यमंत्री ने बिहार संग्रहालय–पटना संग्रहालय सुरंग परियोजना का किया कार्यारंभ

पटना :मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज 542 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली बिहार संग्रहालय और पटना संग्रहालय को जोड़ने वाली सुरंग (टनल) परियोजना का शिलापट्ट अनावरण कर कार्यारंभ किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण मशीन का बटन दबाकर परियोजना की औपचारिक शुरुआत कराई।

नेहरू पथ के समीप हड़ताली मोड़ स्थित निर्माणाधीन म्यूज़ियम सब-वे टनल के कार्यारंभ के मौके पर अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को सुरंग निर्माण की प्रक्रिया और परियोजना को निर्धारित समय में पूरा करने की योजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ तेजी से पूरा किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरंग बन जाने के बाद बिहार संग्रहालय और पटना संग्रहालय में लगे प्रदर्शों को देखने के लिए लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक आने-जाने में सुविधा होगी। इससे पर्यटकों की संख्या में भी वृद्धि होगी। उन्होंने निर्देश दिया कि बढ़ती पर्यटक संख्या को ध्यान में रखते हुए पार्किंग और अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही यह भी कहा कि टनल का निर्माण इस प्रकार कराया जाए जिससे नेहरू पथ पर यातायात प्रभावित न हो।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने बिहार संग्रहालय का परिभ्रमण किया। इस दौरान बिहार संग्रहालय के महानिदेशक अंजनी कुमार सिंह ने संग्रहालय परिसर में लगाए गए नए प्रदर्शों, पर्यटकों की संख्या, पार्किंग व्यवस्था और उपलब्ध अन्य सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने बिहार संग्रहालय के सामने पुनर्विकसित किए जा रहे 60 आवास एवं ऑफिसर्स हॉस्टल कैम्पस तथा पार्क के निर्माण कार्य की भी जानकारी ली और स्थल निरीक्षण किया। अधिकारियों ने साइट प्लान के माध्यम से बताया कि यहां बहुमंजिला भवन का निर्माण किया जाएगा, जिसमें सोलर पार्किंग शेड, ओपन पार्किंग, क्लब हाउस सहित अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही परिसर में पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इस परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि पुराने ढांचे को हटाकर एक आधुनिक बहुमंजिला इमारत का निर्माण किया जाए, जो सभी आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित हो। नेहरू पथ के किनारे बनने वाली इस बहुमंजिला इमारत से आवास की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होगी। इसके साथ ही बगल में एक सुंदर पार्क का निर्माण कराया जाए, ताकि संग्रहालय आने वाले लोग वहां समय बिता सकें और उसका आनंद ले सकें।

मुख्यमंत्री ने बिहार संग्रहालय और पटना संग्रहालय को जोड़ने वाली सुरंग के पटना संग्रहालय वाले छोर का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, बिहार संग्रहालय के महानिदेशक अंजनी कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव डॉ. संदीप कुमार आर. पुडकलकट्टी, कला, संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार, पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेश परासर, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button