सृष्टि दिवस’ कार्यक्रम में शामिल होने अमरकंटक रवाना हुए नेता प्रतिपक्ष, बुढ़ार में हुआ ऐतिहासिक स्वागत
ट्रेन के भीतर सजी सियासी चौपाल: नगर पालिका में व्याप्त 'व्यापक भ्रष्टाचार' और जनसमस्याओं को लेकर इबरार खान व वरिष्ठ नेताओं ने नेता प्रतिपक्ष को घेरा

बुढ़ार/शहडोल। असलम बाबा। मध्य प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और गंधवानी विधायक श्री उमंग सिंघार आज अनूपपुर जिले के विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थल अमरकंटक में आयोजित ‘सृष्टि दिवस’ (घूर/रंगपंचमी) कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए नर्मदा एक्सप्रेस के माध्यम से रवाना हुए। इस दौरान बुढ़ार रेलवे स्टेशन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं ने जिस गर्मजोशी से उनका स्वागत किया, उसने क्षेत्र में कांग्रेस की सक्रियता और एकजुटता का संदेश स्पष्ट कर दिया है।
बाजे-गाजे के साथ गूंजा स्टेशन, फूलों से लदे नेता प्रतिपक्ष
जैसे ही दोपहर के समय नर्मदा एक्सप्रेस बुढ़ार रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर आकर रुकी, वहां पहले से मौजूद सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल-धमाकों और गगनभेदी नारों के साथ आसमान गुंजा दिया। नेता प्रतिपक्ष श्री उमंग सिंघार के स्वागत में बाजे-गाजे के साथ फूलों की ऐसी वर्षा हुई कि स्टेशन परिसर पूरी तरह से कांग्रेसमय नजर आया। कार्यकर्ताओं के इस अगाध प्रेम और उत्साह को देखते हुए श्री सिंघार ने भी ट्रेन से उतरकर सभी का हाथ जोड़कर अभिवादन स्वीकार किया और वरिष्ठ नेताओं से भेंट की।
बुढ़ार से अनूपपुर तक ‘ट्रेन संवाद’: भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार
स्वागत के उपरांत, क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं और स्थानीय राजनीति पर गहन मंथन करने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता इबरार खान (धनपुरी 3), संतोष सिंह सेंगर (नंबर 3) और सूर्य प्रताप सिंह गौर (छोटी अमलाई) विशेष रूप से बुढ़ार रेलवे स्टेशन से श्री सिंघार के साथ ट्रेन में सवार होकर अनूपपुर तक गए।
लगभग एक घंटे के इस रेल सफर के दौरान नेताओं ने नेता प्रतिपक्ष को क्षेत्र की ‘जल-जल’ समस्याओं (पेयजल संकट) और विशेष रूप से नगर पालिका में व्याप्त व्यापक भ्रष्टाचार के मुद्दों से अवगत कराया। इबरार खान और संतोष सिंह सेंगर ने विस्तार से बताया कि किस प्रकार स्थानीय प्रशासन और नगर पालिका के भ्रष्टाचार से आम जनता त्रस्त है और विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित रह गए हैं। श्री सिंघार ने इन सभी विषयों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि वे इन मुद्दों को न केवल संगठन स्तर पर सुलझाएंगे, बल्कि मध्य प्रदेश विधानसभा के पटल पर भी मजबूती से उठाएंगे।
सृष्टि दिवस और संगठन की मजबूती पर चर्चा
अमरकंटक के गोंडवाना गुरुद्वारा में परम श्रद्धेय दुर्गेभगत जगत जी एवं गुरुदाई दुर्गेदुलेश्वरी के पावन सानिध्य में आयोजित ‘सृष्टि दिवस’ कार्यक्रम की महत्ता पर चर्चा करते हुए श्री सिंघार ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। इसके साथ ही, यात्रा के दौरान बुढ़ार ब्लॉक और नगर कांग्रेस के संगठन की मजबूती, आगामी कार्ययोजनाओं और कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाने के विषयों पर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई।
स्वागत में उमड़ा कार्यकर्ताओं का हुजूम
इस भव्य स्वागत कार्यक्रम और चर्चा के दौरान प्रमुख रूप से एडवोकेट प्रदीप सिंह, एडवोकेट शेखर चौधरी, ब्लॉक नगर कांग्रेस अध्यक्ष अंकित सिंह, लीलाराम जगवानी (बुढ़ार), एडवोकेट रिझवानी, मोहम्मद अजहरुद्दीन उर्फ बल्ली, नीरज दहिया (छोटी अमलाई) और निक्की तिवारी (अमराडंडी) सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और जांबाज कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



