साबरमती के सच ने बेगुनाहों का नरसंहार और गुनहगारों के चेहरे उजागर कर दिए : रामेश्वर शर्मा

भोपाल। गोधरा ट्रेन में हुए नरसंहार को की सच्चाई को लेकर बनी फिल्म ‘द साबरमती रिपोर्ट’ देशभर में चर्चा कि विषय बनी हुई है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने फिल्म को प्रदेश में टेक्स फ्री करते हुए मंत्रीमंडल व विधायकों के साथ फिल्म देखी थी।
बुधवार को हुजूर विधानसभा के विधायक रामेश्वर शर्मा ने भी कोलार के सिनेमा हॉल में भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के साथ ‘द साबरमती रिपोर्ट’ फिल्म देखी। विधायक के साथ हुजूर विधानसभा के लगभग 150 से अधिक लोगों ने सामूहिक रूप से फिल्म देखी।
फिल्म देखने के बाद बाहर आए विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि यह देश का दुर्भाग्य रहा कि गोदरा कांड को वर्षों तक षड्यंत्र के तहत एक्सीडेंट का नाम दिया गया, जबकि वह एक्सीडेंट नहीं था बल्कि साजिश के तहत हिन्दुओं का नरसंहार किया गया था। इस नरसंहार में जान गवाने वाले हुतात्माओं का केवल एक कसूर था कि वह हिन्दू थे और अयोध्या से वापस लौट रहे थे। इसलिए उनको निशाना बनाया गया।
यह हत्याकांड इतना नृशंस था कि छोटे-छोटे दुधमुंहे बच्चों को तक जिंदा जला दिया गया था। किलकारियों को चीखों में तब्दील किया गया था। लेकिन उस समय की केन्द्र सरकार और कुछ लोगों ने उसे केवल एक हादसा कहकर कारसेवकों के हत्यारों को संरक्षण दिया था। लेकिन आज ये फिल्म उस झूठ को बेनकाब कर सच्चाई सामने लाई है। मैं फिल्म के मेकर्स को बधाई और साधुवाद देता हूँ कि उन्होंने एक सच के लिए मुहिम छेड़ी है। और पूरे देशवासियों से आग्रह करता हूँ कि फिल्म जरूर देखें।