RAJGARH

कलेक्टर डॉ. मिश्रा के प्रयासों से जिला अस्पताल में शुरू हुई आधुनिक बेडशीट धुलाई व्यवस्था  संक्रमण के खतरे में कमी, समय व खर्च की होगी बचत

 

 

राजगढ़

कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के सतत प्रयासों से जिला अस्पताल राजगढ़ में आधुनिक हाई-कैपेसिटी वॉशिंग मशीनों के माध्यम से बेडशीट धुलाई की नई व्यवस्था प्रारंभ की गई है। इस पहल से अस्पताल में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के साथ ही मरीजों को संक्रमण के खतरे से राहत मिलेगी। जिला अस्पताल में स्थापित तीन हाई-कैपेसिटी मशीनों के माध्यम से अब मात्र 30 मिनट में लगभग 100 बेडशीट की धुलाई संभव हो सकेगी। पूर्व में बेडशीट की धुलाई नालों/नदी के पानी में करवाई जाती थी, जिसमें अधिक समय लगने के साथ संक्रमण का खतरा भी बना रहता था। नई व्यवस्था के तहत अब धुलाई कार्य अस्पताल परिसर में ही वैज्ञानिक एवं सुरक्षित तरीके से किया जाएगा।

 

कलेक्टर डॉ. मिश्रा के निर्देशन में अस्पताल की व्यवस्थाओं को निरंतर उन्नत किया जा रहा है। इसी क्रम में यह पहल न केवल स्वच्छता को बढ़ावा देगी, बल्कि समय एवं संसाधनों की भी बचत सुनिश्चित करेगी। साथ ही मरीजों को साफ एवं स्वच्छ बेडशीट उपलब्ध कराई जा सकेगी, जिससे उपचार की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।अस्पताल प्रबंधन द्वारा जानकारी दी गई है कि नई व्यवस्था के अंतर्गत साप्ताहिक रोस्टर के अनुसार विभिन्न वार्डों की बेडशीट की नियमित धुलाई की जाएगी। इस कार्य के लिए आवश्यक मानव संसाधन की भी व्यवस्था की गई है, जिससे कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके।

 

इसके साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता एवं स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस प्रकार की व्यवस्थाओं से न केवल मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि संक्रमण नियंत्रण में भी महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त होगी।

Related Articles

Back to top button