खेल प्रतिस्पर्धाओं में भाग लेने वाली कोई टीम कमजोर नहीं होती, हार-जीत खेल का हिस्सा है- कुटीर एवं ग्रामोद्योग मंत्री
विधायक गोल्ड कप क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब बिलासपुर ने जीता
मोहम्मद असलम बाबा

शहडोल 21 जनवरी 2026- अखिल भारतीय विधायक गोल्ड कप क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला कुशाभाऊ ठाकरे स्टेडियम, बुढार में बिलासपुर एवं नागपुर की टीमों के मध्य खेला गया, जिसमें बिलासपुर की टीम ने रोमांचक मुकाबले में जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।फाइनल मैच के मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।समापन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि खेल प्रतिस्पर्धाओं में कोई भी टीम कमजोर नहीं होती, जीत और हार खेल का एक अहम हिस्सा होती है। खेलों से अनुशासन, लक्ष्य निर्धारण एवं आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास कर बड़े मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपने माता-पिता, गांव, शहर, प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि किसी भी खेल प्रतियोगिता की सफलता में टीमवर्क के साथ-साथ दर्शकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। फ्रेंड्स स्पोर्ट्स एंड कल्चर सोसायटी, बुढार द्वारा किया गया आयोजन सराहनीय रहा, जिसमें दर्शकों की उपस्थिति ने मुकाबलों को और भी रोमांचक बना दिया।इस अवसर पर विधायक जयसिंह मरावी ने कहा कि अखिल भारतीय विधायक गोल्ड कप क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन अत्यंत प्रशंसनीय रहा। प्रतियोगिता में शामिल सभी टीमों के खिलाड़ियों ने खेल भावना और ईमानदारी के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
समापन कार्यक्रम को सदस्य जिला योजना समिति श्रीमती अमिता चपरा ने भी संबोधित किया। मंत्री दिलीप जायसवाल ने विजेता टीम के खिलाड़ियों को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष नगर पालिका शहडोल श्री घनश्याम जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य जगन्नाथ शर्मा, नगर पंचायत बकहो के उपाध्यक्ष वैभव कुमार, आयोजक कैलाश विशनानी, समाजसेवी अंकुश शर्मा, अमित मिश्रा, रविंद्र वर्मा, गुरु शरण सिंह, राकेश शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि अखिल भारतीय विधायक गोल्ड कप क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन बुढार में 13 जनवरी से 21 जनवरी 2026 तक किया गया, जिसमें बुढार, कोरियादृमनेंद्रगढ़, पेंड्रा, डीसीए उमरिया, दिल्ली, इलाहाबाद, नागपुर, बिलासपुर, जबलपुर एवं रीवा सहित कुल 12 टीमों ने भाग लिया


