उत्तर प्रदेश

उन्नाव की बेटी और बेटों का कमाल, हरियाणा में पावर लिफ्टिंग में गोल्ड–सिल्वर जीतकर यूपी का नाम रोशन किया

लखनऊ : उन्नाव जनपद के खिलाड़ियों ने हरियाणा में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्नाव की एक बेटी और दो बेटों ने अपने दमखम से पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया। विक्रमखेड़ा गांव की रहने वाली मधु कश्यप ने महिला वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। मधु का खुद का वजन 65 किलो है, लेकिन उन्होंने वेट लिफ्टिंग में 150 किलो वजन उठाकर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं कालूखेड़ा गांव के रहने वाले अंशु गुप्ता, जिनका वजन 50 किलो है, उन्होंने 170 किलो वजन उठाकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इसके अलावा नवाबगंज क्षेत्र के आकाश त्रिवेदी ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीता। यह प्रतियोगिता 17 और 18 तारीख को हरियाणा के सोनीपत में आयोजित हुई थी, जिसमें देशभर से खिलाड़ी शामिल हुए थे। सभी खिलाड़ियों ने कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। मधु कश्यप के गांव विक्रमखेड़ा में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जहां खिलाड़ियों को फूलमाला, अंगवस्त्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। मधु ने कहा कि मेहनत, आत्मविश्वास और सही तकनीक से यह सफलता मिली है। बीजेपी नवाबगंज ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रवि प्रताप ने घोषणा की कि मधु के नाम पर सड़क और खेल मैदान बनाया जाएगा। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह उपलब्धि बेटियों और बेटों को खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।

Related Articles

Back to top button