मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाराबंकी में रबी सत्र की किसान पाठशाला का किया शुभारंभ

बाराबंकी: प्रदेश सरकार आज से 29 दिसंबर तक सभी जनपदों में किसान पाठशाला का आयोजन कर रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज बाराबंकी के दौलतपुर गांव में रबी सत्र की किसान पाठशाला का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश की कृषि प्रगति, बहुफसली खेती, तकनीकी नवाचार, एमएसपी व्यवस्था की पारदर्शिता और किसानों की आय वृद्धि के लिए किए जा रहे प्रयासों पर विस्तृत चर्चा की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में कई भौगोलिक जलवायु क्षेत्र हैं जिनके अनुरूप उन्नत बीज और तकनीक उपलब्ध कराने पर सरकार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 से पहले की तुलना में आज रिकॉर्ड उत्पादन और पारदर्शी व्यवस्था ने प्रदेश की प्रगति को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कृषि विकास दर 8 दशमलव 6 प्रतिशत से बढ़कर 17 दशमलव 7 प्रतिशत तक पहुंच गयी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा पिछले 8 वर्ष में कृषि विकास की दर को 8.6 प्रतिशत से बढ़ा करके 17.7 प्रतिशत उत्तर प्रदेश ने पहुंचाया है। गेहूं उत्पादन में 35 प्रतिशत योगदान उत्तर प्रदेश देश के अंदर दे रहा है जो देश में प्रथम है। कुल राष्ट्रीय खाद्यान्न उत्पादन में उत्तर प्रदेश का योगदान 21 प्रतिशत है। देश के कुल गन्ना उत्पादन का 55 प्रतिशत अकेले उत्तर प्रदेश कर रहा है यानी उत्तर प्रदेश इसमें भी देश में नंबर 1 पर है।




