शहडोल–नागपुर एक्सप्रेस का अंबिकापुर तक विस्तार संभव, बुढ़ार में ठहराव की मांग तेज
मोहम्मद असलम बाबा
शहडोल/नई दिल्ली।
शहडोल संसदीय क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। नागपुर–शहडोल एक्सप्रेस (11201/11202) के संचालन को शहडोल से आगे अंबिकापुर जंक्शन तक बढ़ाने और बुढ़ार स्टेशन पर ठहराव देने की दिशा में प्रयास तेज हो गए हैं।
केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने इस संबंध में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आग्रह किया है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि शहडोल क्षेत्र से बड़ी संख्या में छात्र, नौकरीपेशा एवं आम यात्री नियमित रूप से आवागमन करते हैं। वर्तमान रेल सुविधाएं सीमित होने के कारण यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसे देखते हुए ट्रेन का अंबिकापुर तक विस्तार और बुढ़ार स्टेशन पर ठहराव आवश्यक बताया गया है।
इस मांग को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के मध्यप्रदेश अध्यक्ष हाजी नूरुल्ला द्वारा पहले ही केंद्रीय मंत्री को अभ्यावेदन सौंपा जा चुका था। बताया गया कि इस रूट पर सीधी ट्रेन सेवा नहीं होने से अंबिकापुर और बुढ़ार क्षेत्र के यात्रियों को परेशानी होती है।
जानकारों के अनुसार, इस पहल के बाद रेलवे बोर्ड स्तर पर प्रस्ताव पर विचार संभव है। यदि स्वीकृति मिलती है, तो मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती जिलों की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी और यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

