बालोतरा प्रभारी एवं पशुपालन मंत्री ने सुनी जनता की राय— बजट पूर्व संवाद और रात्रि चौपाल में पहुंचे

जयपुर, 12 जनवरी। बालोतरा जिले के प्रभारी मंत्री व पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने रविवार रात को बालोतरा जिले की पंचायत समिति कल्याणपुर की ग्राम पंचायत पटाऊ खुर्द में बजट पूर्व संवाद कार्यक्रम और रात्रि चौपाल में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से सीधा संवाद कर उनकी राय जानी। सर्वप्रथम आयोजकों ने अतिथियों का माला, साफा और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।
संवाद सत्र के दौरान मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रत्येक जिले में बजट पूर्व संवाद आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य पूर्व बजट घोषणाओं की समीक्षा और आगामी बजट के लिए आमजन से सुझाव प्राप्त करना है। मंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि विकसित भारत ग्राम कार्यक्रम के तहत ग्रामीण श्रमिकों को मनरेगा में अब 100 के बजाय 125 दिन का रोजगार मिलेगा। प्रधानमंत्री द्वारा लोकसभा में पारित नई योजनाओं से ग्रामीणों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। रात्रि चौपाल के माध्यम से किसानों और आमजन की समस्याओं को विस्तार से सुना गया।
मौके पर मौजूद बालोतरा जिला कलेक्टर और ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को इन समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट किया कि इस बजट पूर्व चर्चा का मुख्य उद्देश्य अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति की समस्याओं और सुझावों को सरकार की कार्ययोजना में शामिल करना है। कार्यक्रम में पचपदरा विधायक श्री अरूण चौधरी सहित विभिन्न विभागों के आला अधिकारी तथा कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद थे।




