राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड राज्य स्तरीय पुरस्कार समारोह
युवा मन बनाकर समाज और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करें -स्काउट व गाइड संगठन युवाओं की सेवा संकल्प से जुड़ी संस्कृति-राज्यपाल

जयपुर, 11 फरवरी। राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने कहा कि युवा स्वयं के विकास के साथ राष्ट्र को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करें। उन्होंने स्काउट गाइड संगठन के युवाओं को दृढ़ संकल्प शक्ति और मन बनाकर समाज के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को अधिकारों की बजाय राष्ट्र और समाज तथा शिक्षा के प्रति कर्तव्य की भावना को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
श्री बागडे राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड के राज्य स्तरीय पुरस्कार समारोह में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि स्काउट व गाइड संगठन युवाओं की सेवा संकल्प से जुड़ी संस्कृति से जुड़ा संगठन है। उन्होंने राजस्थान को योद्धाओं की भूमि बताते हुए कहा कि यहां का व्यक्ति शौर्य, वीरता और साहस से जुड़ा है। यहां निरंतर लड़ाइयाँ हुई पर मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व अर्पण की भावना रही है।
उन्होंने सेना में यहां के सर्वाधिक युवाओं के होने की चर्चा करते हुए स्काउट गाइड से जुड़े युवाओं को अपनी परंपरा और संस्कृति से जुड़े रहने का आह्वान किया। उन्होंने आपात काल में स्काउट गाइड की रही भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।
राज्यमंत्री श्री ओटाराम देवासी ने कहा कि वह स्वयं स्काउट संगठन में रहे हैं। यह अनुशासन से जुड़ा युवाओं को प्रेरणा देने वाला संगठन है। समारोह में विधायक श्री दर्शन सिंह और श्री वीरेंद्र सिंह, श्री अखिल शुक्ला ने भी विचार रखें। स्काउट गाइड के मुख्य आयुक्त श्री निरंजन आर्य ने राजस्थान में संगठन की गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इससे पहले राज्यपाल ने श्रेष्ठ स्काउट गाइड को राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया। स्काउट गाइड ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां के साथ साहसिक कैंप आदि से जुड़ी गतिविधियों का प्रदर्शन किया।




