Breaking News

राजगढ़ नगर के बांसवाड़ा क्षेत्र में नगर पालिका की घोर लापरवाही, प्रशासन के खिलाफ फूटा जनता का आक्रोश

राजगढ़ नगर के बांसवाड़ा क्षेत्र में हालात दिन-प्रतिदिन बद से बदतर होते जा रहे हैं। क्षेत्र में स्थित पानी की टंकी से रोजाना मनमाने तरीके से जबरन पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे पूरे वार्ड में जलभराव की स्थिति बन गई है। लगातार बहते पानी से कई मकानों की नींव और दीवारें कमजोर हो चुकी हैं, जिससे आम नागरिकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

सबसे चिंताजनक स्थिति यह है कि क्षेत्र में एक दीवार काफी समय पहले गिर चुकी है, लेकिन राजगढ़ नगर पालिका और प्रशासन की लापरवाही के चलते आज दिनांक तक न तो उसका निर्माण कराया गया है और न ही कोई अस्थायी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका और संबंधित अधिकारियों की होगी।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस गंभीर समस्या को लेकर नगर पालिका, पार्षद, नगर पालिका अध्यक्ष एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार लिखित व मौखिक शिकायतें दी गईं, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिले। न निरीक्षण हुआ, न कार्रवाई। नगर पालिका की यह उदासीनता जनता के धैर्य की परीक्षा ले रही है।

वार्डवासियों ने नगर पालिका पर आरोप लगाते हुए कहा कि जब मूलभूत सुविधाओं की जिम्मेदारी ही सही तरीके से नहीं निभाई जा रही है, तो आम जनता आखिर जाए तो जाए कहां। ऊपर से नीचे तक सरकार भाजपा की होने के बावजूद यदि वार्ड के नागरिकों की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है, तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

क्षेत्रवासियों ने इसे आखिरी चेतावनी बताते हुए कहा है कि यदि नगर पालिका और प्रशासन ने शीघ्र समस्या का समाधान नहीं किया, तो वे राजगढ़ नगर पालिका के खिलाफ शांतिपूर्ण आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन और नगर पालिका की होगी।

लोगों की स्पष्ट मांग है कि

पानी की टंकी से जबरन पानी छोड़े जाने पर तुरंत रोक लगे,

जल निकासी की स्थायी और वैज्ञानिक व्यवस्था की जाए,

गिरी हुई दीवार का तत्काल निर्माण कराया जाए,

और लापरवाह अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई हो।

अब देखना यह होगा कि राजगढ़ नगर पालिका प्रशासन जनता की इस गंभीर समस्या पर कब जागता है, या फिर आंदोलन के बाद ही कोई कार्रवाई होती है।

Related Articles

Back to top button