जनजातीय गौरव दिवस एवं भगवान बिरसा मुंडा जी की 150वीं जयंती पर जिला स्तरीय कार्यक्रम में मंत्री हुए सम्मिलित

राजगढ़, जिला पंचायत में शनिवार को जनजातीय गौरव दिवस एवं भगवान बिरसा मुंडा जी की 150वीं जयंती के अवसर पर भव्य जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग श्री नारायण सिंह पंवार मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार जबलपुर में आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह से वर्चुअल माध्यम से जुड़कर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेशों को सुना और उनके मार्गदर्शन को जनजातीय समाज के उत्थान हेतु प्रेरणादायी बताया।
अपने उद्बोधन में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि आज का दिवस सम्मान और गर्व का प्रतीक है। भगवान बिरसा मुंडा जी ने अपने अलौकिक त्याग, संघर्ष और जनसेवा से समाज के लिए प्रेरणादायक मार्ग तैयार किया और अपने कर्मों के द्वारा “भगवान” का दर्जा प्राप्त किया। उन्होंने बिरसा मुंडा जी के जीवन, उनके संघर्षों और उनके द्वारा जनजातीय समाज में जगाई गई चेतना का उल्लेख करते हुए कहा कि हमें उनके विचारों और मूल्यों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने उपस्थित जनसमूह से आग्रह किया कि वे अवश्य बिरसा मुंडा जी के जीवन- परिचय और योगदान को पढ़ें तथा नई पीढ़ी को भी उससे परिचित कराएं। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा जनजातीय समाज के विकास हेतु किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, सड़क, पेयजल, छात्रावास निर्माण एवं सुरक्षा से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा रहे हैं। जनजातीय युवाओं के लिए विशेष योजनाएं, छात्रवृत्तियां तथा रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। वनाधिकार पट्टों के वितरण, पेसा अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन तथा परंपरागत संस्कृति व विरासत के संरक्षण हेतु सरकार संकल्पित है।
कार्यक्रम में अनेक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। जिनमें जनजातीय संस्कृति की झलक विशेष रूप से देखने को मिली। प्रस्तुति देने वाली छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने प्रत्येक को 5 हजार रूपए की राशि प्रदान कर सम्मानित किया।इसके अतिरिक्त राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने किसानों को मसूर की “भारत बीज” की किटों का वितरण किया तथा विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए।


