चुनावदेश

सीतारमण, रूपाणी की मौजूदगी में तय होगा महाराष्ट्र सीएम

मुंबई| महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के रिजल्ट में भाजपा, शिवसेना शिंदे और NCP अजित गुट के गठबंधन महायुति को 230 सीटें मिलीं। यानी बहुमत के लिए जरूरी 145 विधायकों से 85 सीटें ज्यादा। रिजल्ट आए आज 9 दिन बीत चुके हैं, लेकिन मुख्यमंत्री पर पेंच अब भी बना हुआ है।

भाजपा ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी को पर्यवेक्षक बनाया है। दोनों नेता कल मुंबई पहुंचेंगे। इन दोनों की मौजूदगी में ही विधायक दल की बैठक में महाराष्ट्र के सीएम का नाम तय होगा।

विधायक दल की बैठक की तारीख का ऐलान अभी नहीं हुआ है। लेकिन सूत्रों का कहना है कि बैठक 4 दिसंबर को होगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने आजाद मैदान पहुंचकर शपथ समारोह की तैयारियों का जायजा लिया।

महाराष्ट्र के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि जनता चाहती है कि सीएम वही रहें। शिंदे ने रविवार को इंडियन एक्सप्रेस को दिए इंटरव्यू में कहा है, मैं आम लोगों के लिए काम करता हूं। मैं जनता का मुख्यमंत्री हूं। इसी वजह से लोग मानते हैं कि मुझे ही मुख्यमंत्री बनना चाहिए। आज विधायकों के साथ शिंदे की बैठक रद्द कर दी गई। डॉक्टरों ने एकनाथ शिंदे को आराम की सलाह दी है।

एनसीपी नेता अजित पवार दिल्ली रवाना हो गए हैं। देवेंद्र फडणवीस भी जाएंगे। दोनों नेता संभावित मंत्रियों की लिस्ट और उनका रिपोर्ट कार्ड लेकर अमित शाह से चर्चा करेंगे। इससे पहले 28 नवंबर को शिंदे, फडणवीस और पवार तीनों दिल्ली गए थे।

5 को मुंबई के आजाद मैदान में होगा शपथ समारोह

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने 30 नवंबर को नागपुर में कहा था कि नई सरकार का शपथ ग्रहण 5 दिसंबर को मुंबई के आजाद मैदान में होगा। प्रधानमंत्री मोदी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

 

Related Articles

Back to top button
× click to chat whatsapp