चुनावदेश

महाराष्ट्र में भाजपा गठबंधन, झारखंड में इंडी आगे

मुंबई. महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों पर सुबह 8 बजे से मतगणना जारी है। सुबह 8 बजे से शुरू हुई मतगणना के ढाई घंटे बाद भाजपा गठबंधन रुझानों में एक तरफा जीत की ओर है। उसे 200 से ज्यादा सीटें मिलती दिख रही हैं। उधर, कांग्रेस गठबंधन पिछड़ गया है। वह 55 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।

सीएम एकनाथ शिंदे और डिप्टी सीएम अजित पवार आगे चल रहे हैं। नागपुर साउथ-वेस्ट सीट से देवेंद्र फडणवीस 6000 से ज्यादा वोट से बढ़त बनाए हुए हैं।

इस बार मुकाबला महायुति और महाविकास अघाड़ी के बीच है। ​​​​​​महायुति में बीजेपी, शिवसेना (एकनाथ शिंदे) और एनसीपी (अजित पवार) शामिल है, जबकि महाविकास अघाड़ी में कांग्रेस, शिवसेना (उद्धव ठाकरे) और एनसीपी (शरद पवार) है।

महाराष्ट्र विधानसभा की 288 सीटों पर 20 नवंबर को वोटिंग हुई थी। 2019 के मुकाबले इस बार 4% ज्यादा वोटिंग हुई। 2019 में 61.4% वोट पड़े थे। इस बार 65.11% वोटिंग हुई। वोटिंग खत्म होने के दिन ही एग्जिट पोल आए।

11 पोल में से 6 में भाजपा गठबंधन यानी महायुति की सरकार बनने का अनुमान है। 4 पोल में कांग्रेस गठबंधन यानी महाविकास अघाड़ी (एमवीए) और एक पोल में हंग एसेंबली की संभावना है।

इधर, रुझानों में झामुमो गठबंधन 51 सीटों पर आगे

झारखंड की 81 सीटों पर वोटों की गिनती शुरू हो गई है। रुझानों में झामुमो गठबंधन 51 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। यह आंकड़ा बहुमत 41 से 10 सीट ज्यादा है। भाजपा गठबंधन 28 सीटों पर आगे चल रहा है। अन्य 2 सीट पर बढ़त बनाए हुए हैं।

राज्य में 13 और 20 नवंबर को 81 सीटों पर मतदान हुआ था, 68% वोटिंग हुई। यह अब तक की सबसे ज्यादा वोटिंग प्रतिशत है। सरकार बनाने के लिए यहां बहुमत का आंकड़ा 41 है।

2019 विधानसभा चुनाव में JMM 30, कांग्रेस 16 और राजद ने एक सीट पर जीत दर्ज की थी। तीनों पार्टियों का गठबंधन था। तब मुख्यमंत्री JMM नेता हेमंत सोरेन बने थे। BJP को 25 सीटें मिली थीं।

Related Articles

Back to top button
× click to chat whatsapp