Breaking News

चुनाव आयोग के संयुक्त बयान से कांग्रेस के भ्रम की राजनीति बेनकाब: ज्ञान सिंह गुर्जर

 

राजगढ़, 28 सितंबर 2026। भारतीय जनता पार्टी जिला राजगढ़ के अध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर ने सोमवार को जिला भाजपा वंदे मातरम कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस और राहुल गांधी पर चुनाव आयोग तथा अन्य संवैधानिक संस्थाओं को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया।

ज्ञान सिंह गुर्जर ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना उचित नहीं है। उनके अनुसार, कांग्रेस और विपक्ष अपनी राजनीतिक असफलताओं का ठीकरा संवैधानिक संस्थाओं पर फोड़ रहे हैं। उन्होंने कैबिनेट सेक्रेटरी को भेजे गए पत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि चुनाव आयोग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि पत्र किसी नीतिगत विषय या एसआईआर से संबंधित नहीं था, बल्कि प्रतिनियुक्ति पर आए एक अधिकारी की प्रशासनिक कार्यप्रणाली से जुड़े आंतरिक मामले से संबंधित था।

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को लेकर भ्रम फैलाने के लिए राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए। गुर्जर ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी राजनीतिक हताशा में संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर पात्र नागरिक का मताधिकार सुनिश्चित करना निर्वाचन आयोग की प्राथमिकता है।

कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं को लेकर सवाल उठाने का आरोप

भाजपा जिला अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं की भूमिका पर लगातार सवाल उठाती रही है। उन्होंने राहुल गांधी द्वारा सर्जिकल स्ट्राइक पर उठाए गए सवालों और पूर्व में लगाए गए राजनीतिक आरोपों का भी उल्लेख किया।

गुर्जर ने एसआईआर को लेकर कांग्रेस के अलग-अलग राज्यों में कथित अलग-अलग रुख पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों का मताधिकार सुनिश्चित करने और मतदाता सूची को अधिक व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने की प्रक्रिया में निर्वाचन आयोग अपनी संवैधानिक भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के किसी निर्णय से राजनीतिक दल को आपत्ति हो तो संवैधानिक और न्यायिक रास्ते खुले हैं। राजनीतिक मतभेदों को संवैधानिक संस्थाओं के विरोध में परिवर्तित नहीं किया जाना चाहिए।

एसआईआर को लेकर कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप

ज्ञान सिंह गुर्जर ने कहा कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक असफलताओं से लोगों का ध्यान हटाने के लिए भ्रम और अविश्वास पैदा करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने 26 सितंबर को हुई चुनाव आयोग की बैठक का उल्लेख करते हुए कहा कि आयोग ने स्पष्ट किया कि देशभर में चल रही एसआईआर किसी एक व्यक्ति का निर्णय नहीं, बल्कि मुख्य चुनाव आयुक्त और दोनों चुनाव आयुक्तों द्वारा सर्वसम्मति से लिया गया निर्णय है।

उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में राजनीतिक दलों और नेताओं से अपेक्षा की जाती है कि वे अपने मतभेद और आलोचनाएं तथ्यों तथा संवैधानिक प्रक्रियाओं के दायरे में रखें। गुर्जर ने कांग्रेस से आत्ममंथन करने की बात कहते हुए कहा कि पार्टी को अपने नेतृत्व, संगठन और कार्यप्रणाली में आवश्यक बदलावों पर विचार करना चाहिए।

प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिला महामंत्री देवी सिंह सोंधिया, जिला कोषाध्यक्ष शैलेश गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी आनंद त्रिपाठी और जिला सह मीडिया प्रभारी जगदीश दास उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button