Breaking News

सारंगपुर में द्वितीय जिला स्तरीय योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप-2026 संपन्न

राजगढ़ योगासन खेल संघ के तत्वावधान में द्वितीय जिला स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता-2026 का आयोजन गत दिवस को सारंगपुर स्थित रॉयल फिटनेस क्लब, सगुन विहार कॉलोनी में किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योगासन की विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर तीन आयु वर्गों में शामिल किया गया। खिलाड़ियों ने पारंपरिक योगासन, कलात्मक एकल, कलात्मक युगल एवं लयबद्ध युगल विधाओं में भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर राजगढ़ जिले के कुल 10 खिलाड़ियों का चयन आगामी राज्य स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता के लिए किया गया। चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में राजगढ़ जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सारंगपुर अनुविभागीय पुलिस अधिकारी श्री अरविंद सिंह, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के युवा समन्वयक श्री लाल सिंह लोधा, राजगढ़ योगासन खेल संघ के अध्यक्ष श्री सुनील राजपूत, रॉयल फिटनेस क्लब के संचालक श्री श्याम राजपूत तथा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक एवं एलएस सिस्टम एंड सॉल्यूशन के संचालक श्री शुभम शर्मा उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में श्री सौरभ पुरी गोस्वामी ने निर्णायक की भूमिका निभाई। इस अवसर पर राजगढ़ योगासन खेल संघ के सदस्य, प्रशिक्षक एवं आयोजन समिति के सदस्य भी उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि योगासन शारीरिक क्षमता के साथ-साथ अनुशासन, एकाग्रता, संतुलन एवं आत्मविश्वास के विकास का प्रभावी माध्यम है।

 

राजगढ़ योगासन खेल संघ द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य जिले में योगासन खेल को बढ़ावा देना, प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना तथा उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। संघ ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले सभी अतिथियों, निर्णायकों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया तथा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित सभी 10 खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Back to top button