Breaking News

स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी – कलेक्टर डॉ. मिश्रा

 

 

 

शत-प्रतिशत टीकाकरण, टीबी मरीजों की जांच एवं कुपोषित बच्चों को एनआरसी में भर्ती कराने के दिए निर्देश, लापरवाही पर नोटिस और वेतन कटौती की चेतावनी

 

राजगढ़  कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने शनिवार को महिला एवं बाल विकास विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त बैठक में विभागीय योजनाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने मातृ-शिशु स्वास्थ्य, शत-प्रतिशत टीकाकरण, पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में कुपोषित बच्चों की भर्ती, टीबी उन्मूलन, ओपीडी एवं स्वास्थ्य संबंधी रिपोर्टिंग व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य पूरे नहीं करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

 

मातृ-शिशु स्वास्थ्य एवं पंजीयन की समीक्षा

 

कलेक्टर ने मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीयन एवं एएनसी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं का मायके की समग्र आईडी के आधार पर पंजीयन सुनिश्चित करने, ईडीडी क्रॉस अपडेशन एवं समग्र पंजीयन की लंबित स्थिति में सुधार कर शेष प्रकरणों को शून्य करने के निर्देश दिए।

 

शत-प्रतिशत टीकाकरण एवं कुपोषित बच्चों की एनआरसी में भर्ती पर जोर

 

कलेक्टर ने यू-विन पोर्टल पर टीकाकरण की प्रगति अद्यतन रखने तथा शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिशु मृत्यु समीक्षा एक सप्ताह में पूर्ण करने तथा आगामी सप्ताह में मातृ मृत्यु समीक्षा करने को कहा। आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में चिन्हित कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती कराने तथा भर्ती के बाद नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। राजगढ़, खिलचीपुर एवं नरसिंहगढ़ के एनआरसी में बच्चों की भर्ती बढ़ाने तथा इस संबंध में ब्लॉक स्तर पर पृथक बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। एचबीपीएनसी कार्यक्रम के अंतर्गत हाई रिस्क बच्चों की घर-घर जाकर निर्धारित मानकों के अनुसार जांच कराने तथा बीपीएम एवं बीसीएम को इसकी नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा।

 

टीबी उन्मूलन कार्यक्रम में सात दिवस में जांच पूर्ण करने के निर्देश

 

राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी विकासखंडों में टीबी मरीजों के परिजनों की जांच सात दिवस के भीतर शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निजी अस्पतालों में चिन्हित एवं नोटिफाई किए गए टीबी मरीजों की जानकारी संकलित करने तथा पिछले एक वर्ष का टीबी संबंधी डेटा अद्यतन रखने को कहा।

 

खिलचीपुर, ब्यावरा एवं नरसिंहगढ़ में टीबी मरीजों के चिन्हांकन की प्रगति अपेक्षित नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी कर सात दिवस में सुधार लाने के निर्देश दिए। सभी बीएमओ को सात दिवस में बलगम (स्पूटम) जांच का लक्ष्य पूरा करने को कहा। उन्होंने टीबी जांच संबंधी उपकरणों की उपलब्धता एवं उपयोग की विस्तृत जानकारी और कार्ययोजना तैयार रखने के निर्देश भी दिए।

 

हॉस्टल के बच्चों का होगा स्वास्थ्य परीक्षण

 

कलेक्टर ने जिले के सभी छात्रावासों में निवासरत बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए। इसके अंतर्गत मलेरिया एवं एनीमिया की जांच सुनिश्चित करने को कहा, ताकि बच्चों को समय पर आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

 

ओपीडी एवं टीकाकरण की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश

 

कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तोड़ी, भैंसवामाता, कचनारिया, पीपल्याकुल्मी एवं पीपल्याकला सहित अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में ओपीडी सेवाओं को नियमित एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने टीकाकरण से वंचित बच्चों की सूची संबंधित क्षेत्रों तक समय पर पहुंचाने तथा विकासखंड स्तर पर टीकाकरण के शत-प्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।

 

टीबी मुक्त पंचायतों के लिए तीन दिवस में होगी संयुक्त बैठक

 

जिले की 301 टीबी मुक्त पंचायतों के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए आगामी तीन दिवस में सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों, ग्राम पंचायत सचिवों, बीएमओ एवं सीडीपीओ की संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें पंचायतवार प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

 

कलेक्टर ने खिलचीपुर, जीरापुर, नरसिंहगढ़ एवं राजगढ़ क्षेत्र में कार्य एवं रिपोर्टिंग में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी करने तथा नियमानुसार वेतन आहरण पर रोक एवं 15 दिवस का वेतन नहीं देने संबंधी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आगामी समय-सीमा (टीएल) बैठक में की गई कार्रवाई एवं प्रगति की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

 

बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शेख जलालुद्दीन, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला अधिकारी, सीडीपीओ, बीएमओ एवं अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।।

Related Articles

Back to top button