Breaking News

सीएम हेल्प लाइन में बिजली कंपनी के सभी 15 जिले ए श्रेणी में

 

इंदौर। सीएम हेल्प लाइन 181 पर दर्ज होने वाली बिजली संबंधी शिकायतों के उचित और सर्वमान्य तरीके से निराकरण में एक बार फिर पश्चिम क्षेत्र बिजली वितरण कंपनी अव्वल रही है। शुक्रवार को भोपाल से जारी सूची में बिजली कंपनी के इंदौर, उज्जैन समेत सभी 15 जिले ए श्रेणी में रहे हैं। कंपनी के मुख्य महाप्रबंधक श्री प्रकाश सिंह चौहान ने बताया कि प्रबंध निदेशक श्री अनूप कुमार सिंह के निर्देशानुसार सीएम हेल्प लाइन में दर्ज होने वाली शिकायतों की दैनिक समीक्षा की जाती है। जोन, वितरण केंद्रों की संबंधित कार्यपालन यंत्री समीक्षा करते है, संभागों को संबंधित अधीक्षण यंत्री एवं वृत्त/ जिलों की संबंधित मुख्य अभियंता दैनिक समीक्षा करते हैं। कंपनी मुख्यालय स्तर पर भी सतत समीक्षा की व्यवस्था हैं। मुख्य महाप्रबंधक ने बताया कि समीक्षा के दौरान जिन जिलों में स्थिति पीछे, या कमजोर पाई जाती है, वहां तत्काल सुधार के निर्देश जारी कर दो दिनों में स्थिति सुधारी जाती है। उन्होंने बताया कि शिकायतों के निराकरण में नो टालरेंस की नीति पर कार्य किया जा रहा हैं। बिजली उपभोक्ताओं की सुविधा में सतत वृद्धि एवं नए विद्युत विकास संबंधी कार्य कराए जा रहे हैं। …………… मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान में ऊर्जा सचिव ने सिंहस्थ संबंधित बिजली कार्य देखें

 

इंदौर। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान अंतर्गत मप्र शासन ऊर्जा विभाग के सचिव श्री विशेष गढ़पाले शुक्रवार को उज्जैन पहुंचे। यहां उन्होंने सिंहस्थ कार्यों का निरीक्षण किया, अधिकारियों से चर्चा की। ऊर्जा सचिव श्री गढ़पाले ने वाल्मीकिधाम 33/11 केवी सब स्टेशन का निरीक्षण किया। इस नए सब स्टेशन से सिंहस्थ के श्रद्धालुओं विशेषकर भृतहरि गुफा क्षेत्र, कालभैरव मंदिर क्षेत्र के श्रद्धालुओं, मेला क्षेत्र को सुविधा मिलेगी। ऊर्जा सचिव ने अधिकारियों से कहा कि सिंहस्थ 2028 मप्र शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल हैं, अतः उज्जैन नगर, मेला क्षेत्र के विद्युत संबंधी सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण कर लिए जाए। स्थाई एवं अस्थाई कार्यों की समय सीमा में पूर्णतः पर बहुत गंभीरता से ध्यान रखे जाए, किसी भी स्थिति में विलंब की अवस्था नहीं आएं। इस दौरान बताया गया कि सिंहस्थ के दौरान उज्जैन नगरीय क्षेत्र एवं संपूर्ण मेला क्षेत्र में 550 मैगॉवाट बिजली की मांग रहने की संभावना है। इसी के मद्देनजर सब स्टेशन, उच्चदाब लाइन, ट्रांसफार्मर इत्यादि के कार्य कराए जा रहे हैं। सिंहस्थ निमित्त तीन नए सब स्टेशन तैयार हो चुके हैं, जबकि चौथा ग्रिड अगले दो सप्ताह में बिजली वितरण करना प्रारंभ कर देगा। ऊर्जा सचिव का उज्जैन पहुंचने पर स्वागत मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के मुख्य अभियंता श्री एससी वर्मा, अधीक्षण अभियंता श्री विनोद मालवीय व अन्य अधिकारियों ने किया।

Related Articles

Back to top button