Breaking News

नीति चिंतन शिविर-2026’ में शामिल होंगे राजगढ़ कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा

   राजगढ़      मध्यप्रदेश सरकार द्वारा नीति आयोग की तर्ज पर प्रदेश के समग्र एवं दूरदर्शी विकास की रूपरेखा तैयार करने के उद्देश्य से 2 दिसंबर 2026 को भोपाल में एक दिवसीय ‘नीति चिंतन शिविर-2026’ का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले इस शिविर में राजगढ़ कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा भी शामिल होंगे।

 

शिविर में प्रदेश सरकार के तीन वर्षों के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों, योजनाओं की प्रगति एवं उपलब्धियों की समीक्षा के साथ ही ‘समृद्ध मध्यप्रदेश-2047’ के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए आगामी वर्षों के लिए विकास का रोडमैप तैयार करने पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

 

शिविर में मुख्य सचिव श्री अशोक बर्णवाल सहित प्रदेश के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव स्तर के वरिष्ठ अधिकारी तथा सभी जिलों के कलेक्टर सहभागिता करेंगे। इसका उद्देश्य प्रदेश की विकास नीतियों एवं योजनाओं को राष्ट्रीय विकास के मानकों के अनुरूप प्रभावी बनाना तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।

 

शिविर के अंतर्गत विभिन्न विषयगत सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन, खनिज संसाधन, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, कुटीर एवं ग्रामोद्योग, उद्यानिकी, खाद्य प्रसंस्करण, कृषि विकास, पशुपालन, मत्स्य विकास, वन, सहकारिता, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, पर्यावरण, ऊर्जा एवं नवीकरणीय ऊर्जा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर प्रस्तुतिकरण एवं सामूहिक चर्चा होगी।

 

तकनीकी सत्रों में मध्यप्रदेश राज्य नीति आयोग के माननीय सदस्य डॉ. विक्रांत सिंह तोमर मॉडरेटर की भूमिका निभाएंगे। शिविर में विभिन्न संभागों एवं जिलों से संबंधित विकास के मुद्दों, संभावनाओं और प्राथमिकताओं पर भी चर्चा की जाएगी।

 

नीति चिंतन शिविर प्रदेश के विकास को नई दिशा देने, दीर्घकालिक लक्ष्यों के निर्धारण तथा प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक परिणामोन्मुखी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।।

Related Articles

Back to top button