Breaking News

श्री खाटू श्याम मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा नजारा देखने को मिला

 

राजगढ़  ब्यावरा। नगर के बाबा श्री खाटू श्याम जी के प्राकट्य उत्सव एवं देवउठनी एकादशी के अवसर पर शुक्रवार को श्री खाटू श्याम मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा नजारा देखने को मिला। सुबह मंगला आरती के साथ दर्शन शुरू होते ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो दिनभर जारी रहा। शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भक्त बाबा श्याम के दर्शन करने पहुंचे। मंदिर समिति के अनुसार एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

देवउठनी एकादशी पर बाबा खाटू श्याम का विशेष श्रृंगार किया गया। उज्जैन से मंगवाए गए 51 किलो फूलों से बाबा का दरबार सजाया गया। आकर्षक फूलों की सजावट से सजे दरबार के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए। सुबह से ही मंदिर में भक्तों की कतारें लगने लगीं। श्रद्धालुओं ने कतार में लगकर बाबा के दर्शन किए और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली तथा मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की। देवउठनी एकादशी पर ब्यावरा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से श्रद्धालु श्याम निशान लेकर मंदिर पहुंचे। कई भक्त समूह ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के साथ मंदिर पहुंचे। हाथों में श्याम निशान लेकर बाबा के जयकारे लगाते भक्तों से मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र भक्तिमय हो गया।महिलाओं और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवार के साथ बाबा के दरबार में पहुंचे। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्ति, उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना रहा।श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति की ओर से दर्शन व्यवस्था के लिए कतारें और बैरिकेडिंग की गई। पुलिस, नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों और स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से दर्शन कराने में सहयोग किया। मंदिर परिसर सहित आसपास के मार्गों पर भी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जवान और स्वयंसेवक तैनात रहे।सनातन परंपरा में देवउठनी एकादशी का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं और इसके साथ ही मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है। इस दिन को बाबा खाटू श्याम के जन्म दिवस के रूप में मनाया जाता है।

Related Articles

Back to top button