Breaking News

शासकीय योजना ने संवारा भविष्य 10 लाख के ऋण से कृषि सेवा केंद्र खोलकर आत्मनिर्भर बने सुठालिया के श्री सौंधिय

 

 

राजगढ़

मध्यप्रदेश शासन के पिछड़ा तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा संचालित “पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक उद्यम योजना” जिले के युवाओं को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसी योजना का लाभ उठाकर राजगढ़ जिले की ब्यावरा तहसील अंतर्गत ग्राम सलेहपुर निवासी श्री ओमप्रकाश सौंधिया आज एक सफल उद्यमी के रूप में स्थापित हो चुके हैं। योजना की जानकारी प्राप्त होने पर श्री ओमप्रकाश सौंधिया ने कृषि सेवा केंद्र स्थापित करने के उद्देश्य से ऑनलाइन आवेदन किया। आवेदन का परीक्षण करने के उपरांत पंजाब नेशनल बैंक, शाखा सुठालिया द्वारा उनका प्रकरण स्वीकृत करते हुए 10 लाख रुपये की ऋण राशि वितरित की गई।

 

इस वित्तीय सहायता से श्री सौंधिया ने सुठालिया में स्वयं का कृषि सेवा केंद्र प्रारंभ किया। सुठालिया एवं आसपास का क्षेत्र कृषि बाहुल्य होने के कारण उनकी दुकान पर कीटनाशक दवाइयों, खाद एवं बीज आदि की अच्छी मांग रहती है। वर्तमान में उन्हें इस व्यवसाय से प्रतिमाह औसतन 70 हजार से 80 हजार रुपये तक की आय हो रही है, वहीं रबी एवं खरीफ के मुख्य कृषि सीजन के दौरान यह बिक्री बढ़कर 3 लाख से 4 लाख रुपये तक पहुंच जाती है। बैंक की किस्त चुकाने के पश्चात भी उन्हें प्रतिमाह औसतन 40 हजार से 50 हजार रुपये की शुद्ध बचत हो रही है।

 

अपने इस सफल उद्यम के माध्यम से श्री ओमप्रकाश सौंधिया स्वयं आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ 3 अन्य व्यक्तियों को भी रोजगार प्रदान कर रहे हैं। आज वे अपने परिवार का भरण-पोषण अत्यंत सम्मानजनक तरीके से कर पा रहे हैं। अपने सपनों को साकार करने वाले इस अवसर के लिए हितग्राही श्री ओमप्रकाश सौंधिया ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है।

 

 

Related Articles

Back to top button