बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान के शैक्षणिक परिणामों में सुधार के लिए कलेक्टर डॉ. मिश्रा सख्त जवाबदेही और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पर दिया विशेष जोर

राजगढ़
जिले में बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान (एफएलएन) के प्रभावी क्रियान्वयन तथा शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशिक्षण, मार्गदर्शन व्यवस्था, अनुश्रवण, अधिगम परिणामों तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, जिला परियोजना समन्वयक, विकासखंड स्रोत समन्वयक, जनशिक्षा केंद्र समन्वयक एवं प्रोग्रामर सहित कुल 19 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।
बैठक में कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने निर्देश दिए कि जनशिक्षा केंद्र समन्वयक एवं विकासखंड स्रोत समन्वयकों के प्रशिक्षण में अनुपस्थित प्रतिभागियों का पुनः प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कमजोर प्रदर्शन वाले जनशिक्षा केंद्र समन्वयकों के प्रत्येक मार्गदर्शन भ्रमण का परीक्षण करने तथा प्रत्येक जनशिक्षा केंद्र समन्वयक के साथ जिला स्तर के एक अधिकारी को संबद्ध करने के निर्देश दिए। जिससे मार्गदर्शन की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहित करने तथा जनशिक्षा केंद्र समन्वयकों एवं मार्गदर्शक शिक्षकों को प्रभावी मार्गदर्शक के रूप में विकसित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कक्षा शिक्षण की उत्कृष्ट गतिविधियों के वीडियो तैयार कर साझा करने के निर्देश भी दिए, ताकि नवाचारों का व्यापक स्तर पर प्रसार हो सके। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी जनशिक्षा केंद्र समन्वयकों, विकासखंड स्रोत समन्वयकों तथा जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारियों के मार्गदर्शन भ्रमण शत-प्रतिशत पूर्ण किए जाएं। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रत्येक माह प्रगति विवरण के आधार पर समीक्षा कर कमजोर प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही अप्रैल माह में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप भ्रमण नहीं करने वाले अधिकारियों से लिखित स्पष्टीकरण प्राप्त करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में निर्णय लिया गया कि बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान कार्यक्रम से संबंधित समस्त रणनीति जुलाई माह के भीतर तैयार की जाएगी। आगामी समीक्षा बैठक में सभी विकासखंड स्रोत समन्वयक अपने-अपने विकासखंड की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करेंगे। जिसमें कार्यक्रम के अंतर्गत की गई गतिविधियों, उपलब्धियों एवं आगामी रणनीति का विवरण शामिल रहेगा।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने निर्देशित किया कि 15 दिवस पश्चात पुनः समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। जिसमें विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं जिला शिक्षा अधिकारी की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। साथ ही ऑनलाइन उन्मुखीकरण प्रशिक्षण में अनुपस्थित प्रतिभागियों की सूची शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। बैठक के समापन पर कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान के लक्ष्यों की प्राप्ति जिले की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी अधिकारियों से समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं परिणामोन्मुखी कार्य सुनिश्चित करने का आह्वान करते हुए कहा कि नियमित अनुश्रवण, जवाबदेही एवं सतत समीक्षा के माध्यम से जिले के शैक्षणिक परिणामों में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित किया जाएगा।




