Breaking News

फरियादिया के बैंक खाते से यूपीआई के माध्यम से ₹1,65,807 की धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपी इंदौर से गिरफ्तार

 

 

 

 

मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय एवं राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशन में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से *ऑपरेशन “SAFE CLICK-2.0”* संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत साइबर धोखाधड़ी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए NCRP पोर्टल के माध्यम से धोखाधड़ी की राशि होल्ड कराने तथा साइबर अपराधों में प्रयुक्त मोबाइल नंबरों, बैंक खातों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक राजगढ़ *श्री अमित तोलानी (भा.पु.से.)* के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक *श्री के.एल. बंजारे* तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस राजगढ़ *श्रीमती भावना दांगी* के निर्देशन में थाना कोतवाली राजगढ़ पुलिस एवं साइबर शाखा राजगढ़ द्वारा ₹1,65,807 की साइबर धोखाधड़ी के मामले में दो आरोपियों को इंदौर से गिरफ्तार कर ₹90,000 की राशि रिकवर की गई तथा NCRP पोर्टल के माध्यम से लगभग ₹66,000 की राशि होल्ड कराई गई।

 

*घटना का विवरण*

 

दिनांक 17.09.2026 को फरियादिया गंगाबाई पति गोपीलाल सोंधिया, उम्र 55 वर्ष, निवासी ग्राम लाडनपुर द्वारा थाना कोतवाली राजगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनके बैंक ऑफ इंडिया के खाते में लगभग ₹3.50 लाख जमा थे। जब फरियादिया अपने खाते से ₹50,000 निकलवाने बैंक पहुंचीं तो बैंक स्टेटमेंट देखने पर पता चला कि उनके खाते से उनकी जानकारी एवं सहमति के बिना अलग-अलग समय पर कुल ₹1,65,807 निकाल लिए गए हैं।

 

फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली राजगढ़ में अपराध क्रमांक 695/2026, धारा 318(4) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

 

*पुलिस कार्यवाही*

 

प्रकरण में आरोपियों की पहचान एवं धोखाधड़ी की राशि रिकवर करने हेतु वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली राजगढ़ के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

 

पुलिस टीम द्वारा साइबर तकनीकी का उपयोग कर जांच की गई, जिसमें सामने आया कि फरियादिया के बैंक खाते में एक अन्य मोबाइल नंबर लिंक था, जिसकी जानकारी स्वयं खाताधारक को भी नहीं थी। आरोपियों द्वारा इसी अन्य मोबाइल नंबर के माध्यम से फरियादिया के बैंक खाते से यूपीआई का उपयोग कर अलग-अलग समय पर कुल ₹1,65,807 की राशि निकाली गई थी।

 

पुलिस टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों एवं बैंकिंग ट्रांजेक्शन के आधार पर घटना में शामिल दो आरोपियों को इंदौर से गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

 

न्यायालय से प्राप्त पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी रोहित गौड़ से पूछताछ में जानकारी प्राप्त हुई कि वह फर्जी यूपीआई के माध्यम से फरियादिया के खाते से निकाली गई राशि को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करता था। आरोपी द्वारा राशि अपनी बहन काजल के विभिन्न बैंक खातों सहित अन्य खातों में भी ट्रांसफर कर निकाली गई थी।

पुलिस टीम द्वारा दोनों आरोपियों से ₹90,000 की राशि रिकवर की गई तथा NCRP पोर्टल के माध्यम से लगभग ₹66,000 की राशि होल्ड कराई गई। इस प्रकार धोखाधड़ी की कुल राशि में से लगभग ₹1,56,000 की राशि रिकवर एवं होल्ड कराई गई है।

*गिरफ्तार आरोपियों का विवरण*

1. रोहित पिता सुरेश उर्फ मुन्नालाल गौड़, उम्र 31 वर्ष, निवासी भगतसिंह नगर, नई बस्ती, इंदौर।

2. काजल पति रितिक शर्मा, निवासी बापू मुरारी कॉलोनी, इंदौर।

पुलिस द्वारा प्रकरण में अन्य बैंक खातों एवं संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है तथा साइबर अपराध से जुड़े अन्य व्यक्तियों एवं नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।

 

Related Articles

Back to top button