Breaking News

राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पर कैलाश विजयवर्गीय का तंज, बोले- ‘राहुल गांधी ही काफी हैं

 

इंदौर। राहुल गांधी के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर मध्य प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने तंज कसा है। भाजपा के ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में पत्रकारों ने उनसे कार्यक्रम में युवाओं को आकर्षित करने के लिए रैपर्स और सिंगर्स को बुलाए जाने को लेकर सवाल किया।

इस पर विजयवर्गीय ने मुस्कुराते हुए कहा कि भीड़ जुटाने के लिए रैपर और सिंगर बुलाने की जरूरत नहीं है, “राहुल गांधी ही काफी हैं।” उनके इस बयान पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच ठहाके गूंज उठे। विजयवर्गीय भी इस दौरान हंसते नजर आए।

कांग्रेस पर सुमित मिश्रा का भी कटाक्ष

पत्रकार वार्ता में भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अनंत चतुर्दशी चल समारोह में झांकी लगाने की अनुमति मांगी है, लेकिन “उन्हें तो कार्टून शो की अनुमति मांगनी चाहिए।” उनके बयान को कांग्रेस पर राजनीतिक कटाक्ष के तौर पर देखा जा रहा है।

वहीं विजयवर्गीय ने अन्य राजनीतिक सवालों पर ज्यादा प्रतिक्रिया देने से बचते हुए कहा कि वे फिलहाल भाजपा के सेवा संकल्प अभियान से जुड़े विषयों पर ही बात करेंगे।

17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा इंदौर महानगर द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत सेवा और जनसंपर्क से जुड़े 13 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

भाजपा ने इंदौर के 85 वार्ड, 35 मंडल, 345 शक्ति केंद्र और 2097 बूथों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा है। पत्रकार वार्ता में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, अभियान संयोजक जीतू जिराती और सांसद शंकर लालवानी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button