Breaking News

क्रिकेट के प्रति जुनून से सोबिक सोनी का नेशनल क्रिकेट टीम में हुआ चयन स्कूल नेशनल टीम में चयनित होकर मध्यप्रदेश का करेंगे प्रतिनिधित्व

भोपाल :

प्रतिभा, लगन और कठिन परिश्रम के बल पर सफलता की नई इबारत लिखने वाले शहडोल जिले के युवा क्रिकेट खिलाड़ी सौबिक सोनी ने अपनी उपलब्धि से जिले और पूरे संभाग को गौरवान्वित किया है। स्कूल नेशनल टीम में चयनित होकर सौबिक अब मध्यप्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनकी यह सफलता वर्षों की मेहनत, खेल के प्रति जुनून और परिवार के निरंतर सहयोग का परिणाम है।

 

सौबिक का क्रिकेट के प्रति लगाव बचपन से ही दिखाई देने लगा था। उनके पिता श्री सतेंद्र सोनी ने बताया कि जब सौबिक छोटे थे, तब एक दिन उनकी मां ने उन्हें बच्चों के साथ क्रिकेट खेलते हुए देखा। उस समय भी वह बड़े-बड़े शॉट लगाते थे। खेल के प्रति उनकी रुचि और प्रतिभा को देखते हुए परिवार ने महज सात वर्ष की उम्र में उन्हें क्रिकेट अकादमी में प्रवेश दिलाया। यहां उनके पहले प्रशिक्षक श्री आशुतोष श्रीवास्तव थे। उनके मार्गदर्शन में सौबिक ने क्रिकेट की बारीकियां सीखीं और अपने खेल को लगातार निखारा।

 

सौबिक ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए वर्ष 2021 में अंडर-14 स्कूल गेम्स की राज्य स्तरीय टीम में स्थान बनाया। इसके साथ ही उन्होंने अंडर-13 डिवीजनल क्रिकेट प्रतियोगिता में भी भाग लिया। इसके बाद अंडर-15 वर्ग में लगातार दो वर्षों तक खेलते हुए अपनी प्रतिभा साबित की। वर्तमान में वह अंडर-18 वर्ग में लगातार तीसरे वर्ष अपनी खेल यात्रा को आगे बढ़ा रहे हैं।

 

क्रिकेट के प्रति विशेष लगाव होने के कारण सौबिक और उनके परिवार ने खेल को हमेशा प्राथमिकता दी। उनके पिता बताते हैं कि सौबिक की खेल में गहरी रुचि को देखते हुए परिवार ने उनकी खेल प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग किया। क्रिकेट के साथ-साथ सौबिक बैडमिंटन में भी अच्छी प्रतिभा रखते हैं। वह एक बार खेलो एमपी यूथ गेम्स तथा दो बार स्कूल स्टेट की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी भाग ले चुके हैं।

 

 

Related Articles

Back to top button