Breaking News

युवा संवाद में 400 से अधिक युवाओं ने ली लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता की शपथ

 

राजगढ़    मेरा युवा भारत, राजगढ़ द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल, राजगढ़ में विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 400 से अधिक विद्यार्थियों एवं युवा नागरिकों ने सहभागिता कर लोकतांत्रिक जागरूकता, जिम्मेदार नागरिकता और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विचार साझा किए। देशभर के 500 विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं संस्थानों में 26 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे विकसित भारत युवा संवाद अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में सांसद श्री रोडमल नागर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में अनुविभागीय (राजस्व) अधिकारी राजगढ़ श्री सुशील कुमार, स्पोर्ट्स आइकन श्री शुभम चौधरी एवं यूथ आइकन श्री कृष्णपाल सिंह भी उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण विद्यार्थियों और सांसद श्री रोडमल नागर के बीच संवाद रहा। इस दौरान युवाओं ने ‘नो योर वोट’, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), लोकतांत्रिक जागरूकता एवं मतदान के महत्व से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे। सांसद श्री नागर ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए मतदान प्रक्रिया, मताधिकार के उपयोग तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक की भूमिका के बारे में जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को तथ्यों और विचारों के बीच अंतर समझते हुए जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। संवाद के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं और निर्वाचन प्रक्रिया को समझने का अवसर मिला।

 

कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित सभी युवाओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों, जागरूक सहभागिता एवं जिम्मेदार नागरिकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए लोकतांत्रिक शपथ ली। कार्यक्रम के अंत में श्री अमित साहा ने आभार व्यक्त किया।विकसित भारत युवा संवाद का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं से जोड़ना तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। यह पहल युवाओं की ऊर्जा, विचारों एवं आकांक्षाओं को विकसित भारत@2047 के संकल्प से जोड़ते हुए उन्हें देश की प्रगति में सार्थक योगदान देने के लिए प्रेरित करती है।

Related Articles

Back to top button