युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। उनके नेतृत्व में देश में युवाओं के लिए नए अवसरों का निर्माण हुआ है और युवा अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बदलते दौर का नया भारत है। उन्होंने एशियन गेम्स में भारतीय क्रिकेट टीम द्वारा पाकिस्तान को हराकर स्वर्ण पदक हासिल करने तथा मध्यप्रदेश के युवा खिलाड़ियों द्वारा पांच स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाने पर सभी खिलाड़ियों को बधाई दी।
डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के लिए शासकीय सेवाओं में लगातार नई भर्तियां करने के साथ प्रमोशन की प्रक्रिया भी आगे बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के माध्यम से 21 वर्ष बाद विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सुगम और सुरक्षित परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। अब स्कूल और कॉलेजों के विद्यार्थियों के लिए भी बस सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में देशभर में सबसे कम बेरोजगारी दर है। उन्होंने बताया कि आगामी वर्ष को ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाया जाएगा। इसके तहत प्रदेश में 12 नए विश्वविद्यालय और 12 नए मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे। साथ ही एमपी-पीएससी की परीक्षा वर्ष में दो बार आयोजित की जाएगी, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में अवसर मिल सके।
उन्होंने कहा कि युवा वर्ष के दौरान युवाओं से सुझाव लेकर कई नए नवाचार किए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य युवाओं को शिक्षा, रोजगार और बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर उनके सपनों को नई उड़ान देना है।



